आम आदमी पार्टी (AAP) ने बुधवार (9 अक्टूबर) को आरोप लगाया कि उपराज्यपाल वीके सक्सेना के आदेश पर दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी का सामान उनके आधिकारिक आवास 6, फ्लैगस्टाफ रोड से बाहर फेंक दिया गया. अब इसपर PWD का बयान भी सामने आ गया है. PWD का कहना है कि आतिशी ने अरविंद केजरीवाल से चाबियां लीं और वह बिना हमें बताए यहां रहने आ गईं.

वहीं, आम आदमी पार्टी का दावा है कि आतिशी औपचारिकताओं का ध्यान रखने के बाद वहां गईं. लेकिन, पीडब्ल्यूडी का कहना है कि केजरीवाल की ओर से विभाग को संपत्ति का आधिकारिक ‘हैंडओवर’ होना बाकी है. इसलिए पहले तरीके से चीजों को बताना जरूरी है. पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने बताया कि मकान को सील कर दिया गया है.

LG के सूत्रों ने किया साफ
CMO ने यह भी कहा कि एलजी की तरफ से बीजेपी के किसी बड़े नेता को सीएम आवास आवंटित करने की तैयारी चल रही है. 27 साल से दिल्ली में वनवास काट रही बीजेपी अब सीएम आवास कब्जाना चाह रही है. अब इन आरोपों के बीच उपराज्यपाल हाउस के सूत्रों ने स्पष्ट किया कि एक बार सही लिस्ट तैयार होने के बाद जल्द ही दिल्ली के सीएम का आधिकारिक आवास आतिशी को आवंटित किया जाएगा.

इससे पहले आज, लोक निर्माण विभाग (PWD) ने दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी के आवास को सील कर दिया, जिसे हाल ही में अरविंद केजरीवाल ने खाली कर दिया था. एलजी हाउस सूत्रों के मुताबिक, सभी मुख्यमंत्रियों के आवासों की तरह इस आवास का मालिक भी PWD है. एक बार घर खाली हो जाने पर लोक निर्माण विभाग उसे अपने कब्जे में ले लेता है, उसमें रखे सामान की सूची तैयार करता है और फिर उसे औपचारिक रूप से आवंटित कर देता है.

PWD ने कहा, ‘सीएम आतिशी को अभी तक आधिकारिक तौर पर घर आवंटित नहीं किया गया है. उनका आवंटित आवास अभी भी 17 एबी मथुरा रोड है. दो घर कैसे आवंटित किए गए? सीएम आतिशी ने इस घर में अपना सामान आधिकारिक तौर पर आवंटित किए बिना रखा था और फिर खुद ही हटा दिया था.’