नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन और हालिया हिंसक घटनाओं के बाद राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। सोमवार को संसद कूच के दौरान हुए हंगामे और मंगलवार रात जंतर-मंतर तथा कनॉट प्लेस क्षेत्र में हुई उपद्रवी घटनाओं के बाद एहतियात के तौर पर दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने 16 मेट्रो स्टेशनों का संचालन अस्थायी रूप से बंद कर दिया था। हालांकि, स्थिति की समीक्षा के बाद अब सभी स्टेशन दोबारा खोल दिए गए हैं।

डीएमआरसी के अनुसार, सुरक्षा कारणों से यह कदम उठाया गया था ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। इस दौरान राजीव चौक और केंद्रीय सचिवालय स्टेशनों पर इंटरचेंज सुविधा सामान्य रूप से जारी रही, जबकि यात्रियों के प्रवेश और निकास पर प्रतिबंध लगाया गया था।

 इन 16 स्टेशनों पर अस्थायी रोक लगाई गई थी

सुरक्षा कारणों से जिन मेट्रो स्टेशनों को अस्थायी रूप से बंद किया गया, उनमें लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम शामिल थे।

 प्रदर्शन के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा

सोमवार को संसद कूच के दौरान बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी राजीव चौक मेट्रो स्टेशन तक पहुंच गए थे, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। इसके बाद मंगलवार रात जंतर-मंतर और कनॉट प्लेस इलाके में भी उपद्रव की घटनाएं सामने आईं। इन घटनाओं के मद्देनजर दिल्ली पुलिस उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

 मेट्रो स्टेशनों और संसद मार्ग पर सुरक्षा बल तैनात

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए संसद जाने वाले मार्ग पर सीआरपीएफ की अतिरिक्त तैनाती की गई है। वहीं जंतर-मंतर के आसपास स्थित राजीव चौक, केंद्रीय सचिवालय, पटेल चौक और बाराखंभा रोड मेट्रो स्टेशनों पर दिल्ली पुलिस के जवान लगातार निगरानी कर रहे हैं।

पुलिस मेट्रो स्टेशनों के बाहर आने-जाने वाले लोगों पर नजर रख रही है और यह भी मॉनिटर किया जा रहा है कि जंतर-मंतर की ओर कितने लोग पहुंच रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।