दिल्ली, देश की राजधानी दिल्ली में नई सरकार का गठन हो गया है. रामलीला मैदान में आयोजित भव्य समारोह में रेखा गुप्ता ने मुख्यमंत्री पद (Rekha Gupta) की शपथ ली. दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना (VK Saxena) ने रेखा गुप्ता को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. रेखा गुप्ता के साथ-साथ उनके छह विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली है. रेखा गुप्ता के शपथ के साथ ही दिल्ली में 27 साल बाद BJP की सत्ता में वापसी हो गई. रेखा गुप्ता दिल्ली की 9वीं मुख्यमंत्री बन गई हैं. इससे पहले बुधवार देर शाम को भारतीय जनता पार्टी के विधायक दल की बैठक में रेखा गुप्ता के नाम पर सहमति बनी.

शपथ ग्रहण में कौन-कौन हुआ शामिल
रामलीला मैदान में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शामिल हुए.

कौन-कौन बने मंत्री?
परवेश वर्मा
आशीष सूद,
पंकज सिंह
मनजिंदर सिंह सिरसा
कपिल मिश्रा
रविंद्र इंद्राज
दिल्ली में BJP की चौथी सीएम
रेखा गुप्ता दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की चौथी मुख्यमंत्री हैं. इससे पहले मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज दिल्ली में BJP के मुख्यमंत्री रह चुके हैं. शपथ ग्रहण के साथ ही रेखा गुप्ता वर्तमान में BJP शासित किसी भी राज्य में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री बन गई हैं.

प्रचंड बहुमत से सत्ता में आई है BJP
भारतीय जनता पार्टी ने 5 फरवरी को हुए विधानसभा चुनाव में 70 में से 48 सीटें जीतकर दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली ‘आप’ के एक दशक लंबे शासन को समाप्त कर दिया. BJP ने आखिरी बार 1993-98 में दिल्ली में सत्ता हासिल की थी. बीते दो बार की तरह इस बार भी कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है.

कौन हैं रेखा गुप्ता (Who is Rekha Gupta)
दिल्ली में हाल में संपन्न विधानसभा चुनाव में रेखा गुप्ता (Rekha Gupta News) ने शालीमार बाग से चुनाव जीता है. रेखा गुप्ता पहली बार विधायक बनीं और मुख्यमंत्री तक का सफर हासिल कर लिया. रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग सीट पर ‘आप’ की बंदना कुमारी को 29,595 मतों के अंतर से हराया था.

रेखा गुप्ता का जन्म हरियाणा के जींद के नंदगढ़ गांव में हुआ था. जन्म के 2 साल बाद ही उनका पूरा परिवार दिल्ली शिफ्ट हो गया, जब उनके पिता की नौकरी स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में बतौर मैनेजर लगी. रेखा गुप्ता की पूरी पढ़ाई दिल्ली में हुई. इसी दौरान वे ABVP यानी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ी और राजनीति में सक्रिय हुई. रेखा गुप्ता ने LLB भी किया हुआ है. रेखा गुप्ता 2007 में दिल्ली के पीतमपुरा (उत्तर) की काउंसिलर बनीं. रेखा गुप्ता दिल्ली बीजेपी महिला मोर्चा की जनरल सेक्रेटरी भी रह चुकी हैं. 2004 से 2006 तक वो भारतीय जनता पार्टी की युवा मोर्चा की राष्ट्रीय सचिव रहीं. रेखा गुप्ता वैश्‍य समुदाय से आती हैं, जिसकी अच्छी खासी तादाद दिल्ली में है. वैश्य समुदाय को BJP का कोर वोटर भी माना जाता है.