एअर इंडिया के नए सीईओ बने टेवोल्डे गेबरमारियम
इथियोपियन एयरलाइंस को वैश्विक पहचान दिलाने का है अनुभव
नई दिल्ली। एअर इंडिया ने बुधवार को अपने नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक (एमडी) के रूप में टेवोल्डे गेबरमारियम की नियुक्ति की घोषणा की। वह कैंपबेल विल्सन की जगह संभालेंगे। कंपनी ने कहा कि यह नेतृत्व परिवर्तन एअर इंडिया को एक विश्वस्तरीय वैश्विक एयरलाइन बनाने की दिशा में जारी बदलाव की प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण है। नए सीईओ के चयन के लिए एअर इंडिया के निदेशक मंडल ने एक विशेष समिति की निगरानी में व्यापक वैश्विक तलाश प्रक्रिया अपनाई, जिसमें विमानन क्षेत्र के कई अनुभवी उम्मीदवारों का मूल्यांकन किया गया। बोर्ड ने ऐसे व्यक्ति की तलाश की थी, जिसके पास बड़े स्तर पर एयरलाइन संचालन में सुधार, सुरक्षा मानकों को मजबूत करने, ग्राहक अनुभव बेहतर बनाने और लाभदायक विस्तार का सफल अनुभव हो। इसके बाद सर्वसम्मति से टेवोल्डे गेबरमारियम को इस जिम्मेदारी के लिए चुना गया। टेवोल्डे को वैश्विक विमानन उद्योग के सबसे सफल एयरलाइन प्रमुखों में शामिल किया जाता है। उन्होंने एक दशक से अधिक समय तक इथियोपियन एयरलाइंस ग्रुप के सीईओ के रूप में काम किया, जहां उनके नेतृत्व में कंपनी ने उल्लेखनीय विस्तार किया और एक क्षेत्रीय एयरलाइन से अफ्रीका की सबसे बड़ी, लाभदायक और प्रतिष्ठित एयरलाइन समूहों में अपनी जगह बनाई। उनके कार्यकाल में कंपनी का राजस्व चार गुना से अधिक बढ़ा, जबकि विमान बेड़े में भी करीब तीन गुना विस्तार हुआ। एअर इंडिया के अनुसार, गेबरमारियम को जटिल विमानन संचालन, संगठनात्मक बदलाव, वैश्विक हब विकसित करने, मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल (एमआरओ) सुविधाओं और विमानन प्रशिक्षण प्रणाली को मजबूत करने का व्यापक अनुभव है। कंपनी अब पुनर्गठन के शुरुआती चरण से आगे बढ़कर तेज विकास और विस्तार की दिशा में बढ़ रही है, ऐसे में उनका अनुभव एअर इंडिया के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एअर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने कहा कि कैंपबेल विल्सन के नेतृत्व में एयरलाइन ने स्थिरीकरण, एकीकरण और नए विमानों की खरीद जैसे महत्वपूर्ण चरणों को सफलतापूर्वक पूरा किया है। अब कंपनी विकास और बेहतर क्रियान्वयन के अगले दौर में प्रवेश कर रही है, जिसमें टेवोल्डे की विशेषज्ञता एअर इंडिया को वैश्विक स्तर पर मजबूत पहचान दिलाने में मदद करेगी। अपनी नियुक्ति पर टेवोल्डे गेबरमारियम ने कहा कि एअर इंडिया जैसे ऐतिहासिक ब्रांड का नेतृत्व करना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के साथ एक आधुनिक और विश्वस्तरीय एयरलाइन तैयार करने का अवसर बेहद खास है। उन्होंने भरोसा जताया कि कर्मचारियों, निदेशक मंडल और साझेदारों के साथ मिलकर वह परिचालन गुणवत्ता, भारतीय आतिथ्य और दीर्घकालिक विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास करेंगे।
देश
दुनिया
मनोरंजन
खेल
छत्तीसगढ
हरियाणा
दिल्ली
धार्मिक
व्यापार
टेक & ऑटो
शिक्षा
स्वास्थ्य
आंध्र प्रदेश
तेलंगाना
सिक्किम
ओड़िशा
झारखंड
असम
नागालैण्ड