Curated by - City Chief Desk | CITYCHIEFNEWS

दुबई, भानुका राजपक्षे (Bhanuka Rajapaksa) की बेहतरीन बल्लेबाजी और प्रमोद मधुशन (Pramod Madushan) की बेहतरीन गेंदबाजी ने श्रीलंका को एशिया का नया चैंपियन बनाया. टी20 टूर्नामेंट के फाइनल में (Asia Cup 2022) श्रीलंका ने पाकिस्तान को 23 रन से हराया. टीम ने छठी बार टूर्नामेंट का खिताब जीता. भानुका राजपक्षे के नाबाद 71 रन के सहारे श्रीलंका ने पहले खेलते हुए 6 विकेट पर 170 रन बनाए. जवाब में पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 10 विकेट पर 147 रन ही बना सकी. पाकिस्तान के पास 2012 के बाद खिताब जीतने का अच्छा मौका था. लेकिन टीम ऐसा करने में विफल रही.

लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही. कप्तान बाबर आजम सिर्फ 5 रन बना सके. वहीं फखर जमां शून्य पर आउट हुए. दोनों का विकेट प्रमोद मधुशन को मिला. इसके बाद रिजवान और इफ्तिखार अहमद ने अर्धशतकीय साझेदारी करके टीम को संभाला. इफ्तिखार 31 गेंद पर 32 रन बनाकर मधुशान का तीसरा शिकार हुए. फिर नवाज 9 गेंद पर 6 रन बनाकर चमिका करुणारत्ने का शिकार हुए.

रिजवान अर्धशतक लगाकर आउट

पाकिस्तान को अंतिम 5 ओवर में 70 रन बनाने थे और 7 विकेट हाथ में थे. 16वें ओवर में तेज गेंदबाज चमिका करुणारत्ने ने सिर्फ 9 रन दिए और नवाज का विकेट भी लिया. 17वां ओवर लेग स्पिनर वानिंद हसारंगा ने डाला और 3 विकेट लिए. उन्होंने पहली गेंद पर रिजवान को आउट किया. उन्होंने 49 गेंद पर 55 रन बनाए. 4 चौका और एक छक्का लगाया. तीसरी गेंद पर आसिफ अली शून्य रन पर बोल्ड हो गए. 5वीं गेंद पर खुशदिल शाह 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. ओवर में सिर्फ 2 रन बने. हसारंगा ने 4 ओवर में 27 रन देकर 3 विकेट लिए.

18 गेंद पर 59 रन की जरूरत

पाकिस्तान को 18 गेंद पर 59 रन बनाने थे और 3 विकेट हाथ में थे. 18वें ओवर में तीक्ष्णा ने सिर्फ 8 रन दिए और शादाब खान का विकेट लिया. वे सिर्फ 8 रन बना सके. 19वां ओवर मधुशन ने डाला. उन्होंने नसीम शाह को आउट किया. शाह ने 4 रन बनाए. ओवर में 19 रन बने. मधशुन ने 34 रन देकर 4 विकेट झटके. अब 6 गेंद पर 32 रन बनाने थे. अंतिम ओवर करुणारत्ने ने डाला. अंतिम गेंद पर रऊफ 13 रन बनाकर आउट हुए. हसनैन 8 रन बनाकर नाबाद रहे.