नई दिल्ली। मौजूदा विंबलडन चैंपियन और पांच बार के ग्रैंड स्लैम विजेता यानिक सिनर दाहिने घुटने की चोट के कारण सिनसिनाटी ओपन में हिस्सा नहीं लेंगे। टूर्नामेंट के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट ने रविवार को उनके नाम वापस लेने की पुष्टि की। सिनर के हटने के साथ ही टेनिस के दो युवा सुपरस्टार—सिनर और उनके चिर प्रतिद्वंद्वी कार्लोस अल्काराज—इस टूर्नामेंट में नजर नहीं आएंगे।

टूर्नामेंट के आधिकारिक हैंडल ने जानकारी देते हुए सिनर के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और कहा कि 2024 के चैंपियन को अगले साल फिर कोर्ट पर देखने का इंतजार रहेगा।

2024 में सिनर ने जीता था खिताब

यानिक सिनर ने पिछले साल सिनसिनाटी ओपन का खिताब अपने नाम किया था। फाइनल मुकाबले में उन्होंने फ्रांसिस टियाफो को 7-6 (7-4), 6-2 से मात देकर ट्रॉफी जीती थी। ऐसे में मौजूदा चैंपियन का चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर होना आयोजकों के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

सिनसिनाटी ओपन का आयोजन 13 से 23 अगस्त तक होना है। इसके बाद साल का आखिरी ग्रैंड स्लैम यूएस ओपन 30 अगस्त से 13 सितंबर तक खेला जाएगा।

अल्काराज भी चोट के कारण नहीं खेलेंगे

सिनर से पहले उनके सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी कार्लोस अल्काराज भी सिनसिनाटी ओपन से अपना नाम वापस ले चुके हैं। सात बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन अल्काराज इस बार अपने पिछले साल के खिताब का बचाव नहीं कर पाएंगे।

अप्रैल में बार्सिलोना ओपन के दौरान कलाई में लगी चोट के बाद से अल्काराज प्रतिस्पर्धी टेनिस से दूर हैं। चोट की वजह से वह फ्रेंच ओपन और विंबलडन में भी हिस्सा नहीं ले सके थे।

यूएस ओपन में वापसी की तैयारी

अब अल्काराज का पूरा ध्यान यूएस ओपन में वापसी पर है। 23 वर्षीय स्पेनिश खिलाड़ी मौजूदा चैंपियन के तौर पर इस साल के यूएस ओपन में उतरेंगे। पिछले कुछ सप्ताह में उन्होंने अपनी फिटनेस पर काम करते हुए पहले स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग ट्रेनिंग की और बाद में सिनसिनाटी में फुल ट्रेनिंग सेशन शुरू किए।

हालांकि, सिनर की घुटने की चोट और अल्काराज की कलाई की समस्या के चलते सिनसिनाटी ओपन में इस बार स्टार खिलाड़ियों की मौजूदगी कम रहेगी। दोनों युवा सितारों की नजर अब यूएस ओपन पर है, जहां वे पूरी तरह फिट होकर कोर्ट पर वापसी करना चाहेंगे।