विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप
सिंधू-लक्ष्य को आसान शुरुआत, पहले ही दौर में विश्व चैंपियन से भिड़ेंगे आयुष शेट्टी
नई दिल्ली। बीडब्ल्यूएफ विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप के ड्रॉ ने भारतीय खिलाड़ियों के लिए उम्मीद और चुनौती, दोनों की तस्वीर पेश की है। जहां दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू और स्टार शटलर लक्ष्य सेन को शुरुआती दौर में अपेक्षाकृत आसान प्रतिद्वंद्वी मिले हैं, वहीं एशियन चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता आयुष शेट्टी को पहले ही मुकाबले में मौजूदा विश्व चैंपियन चीन के शी यूकी जैसी कठिन चुनौती का सामना करना होगा। 17 से 23 अगस्त तक नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी भारत 17 वर्षों बाद कर रहा है।
छठे विश्व पदक पर सिंधू की नजर
पूर्व विश्व चैंपियन पीवी सिंधू अपने अभियान की शुरुआत आयरलैंड की विश्व नंबर-141 सोफिया नोबेल के खिलाफ करेंगी। सिंधू इस टूर्नामेंट में अपना रिकॉर्ड छठा विश्व चैंपियनशिप पदक जीतने के लक्ष्य के साथ उतरेंगी। ड्रॉ उनके लिए शुरुआती चरण में अनुकूल माना जा रहा है, क्योंकि पदक दौर से पहले उन्हें विश्व नंबर-1 दक्षिण कोरिया की एन से यंग और मौजूदा विश्व चैंपियन जापान की अकाने यामागुची से नहीं भिड़ना पड़ेगा। हालांकि प्री-क्वार्टर फाइनल में चीन की तीसरी वरीय वांग झी यी और क्वार्टर फाइनल में इंडोनेशिया की छठी वरीय पुत्री कुसुमा वारदानी जैसी मजबूत खिलाड़ियों से मुकाबला हो सकता है।
लक्ष्य सेन की आसान शुरुआत, आगे कड़ी परीक्षा
विश्व चैंपियनशिप 2021 के कांस्य पदक विजेता लक्ष्य सेन पहले दौर में ऑस्ट्रिया के कोलिन्स वेलेंटाइन फिलिमोन के खिलाफ खेलेंगे। शुरुआती बाधा पार करने के बाद प्री-क्वार्टर फाइनल में उनका संभावित मुकाबला दूसरी वरीयता प्राप्त थाईलैंड के कुनलावुत वितिदसर्न से हो सकता है, जिसे टूर्नामेंट के सबसे कठिन मुकाबलों में से एक माना जा रहा है।
आयुष शेट्टी के सामने सबसे बड़ी चुनौती
भारतीय दल में सबसे कठिन ड्रॉ आयुष शेट्टी को मिला है। उन्हें पहले ही दौर में मौजूदा विश्व चैंपियन और चीन के शीर्ष खिलाड़ी शी यूकी से भिड़ना होगा। दोनों के बीच अब तक तीन मुकाबले हुए हैं और तीनों में जीत शी यूकी के नाम रही है। हालांकि हाल के मैचों में आयुष ने चीनी खिलाड़ी को कड़ी चुनौती देकर अपनी क्षमता का परिचय दिया है।
सात्विक-चिराग को पहले दौर में बाय
पुरुष युगल में पांचवीं वरीयता प्राप्त सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को पहले दौर में बाय मिला है। दूसरे दौर में उनका मुकाबला स्कॉटलैंड की अलेक्जेंडर डन-एडम प्रिंगल या थाईलैंड की चलोएमपोन चारोएनकिटामोर्न-वोरापोल थोंगसा-ंगा की जोड़ी से होगा। यदि वे आगे बढ़ते हैं तो प्री-क्वार्टर फाइनल में इंडोनेशिया की 12वीं वरीय रेमंड इंद्रा-निकोलाउस जोआकिम की जोड़ी चुनौती पेश कर सकती है, जिसने जून में इंडोनेशिया ओपन के फाइनल तक का सफर तय किया था।
गोपीचंद ने ड्रॉ को बताया भारतीय खिलाड़ियों के लिए अनुकूल
मुख्य राष्ट्रीय कोच पुलेला गोपीचंद ने ड्रॉ पर संतोष जताते हुए कहा कि भारतीय खिलाड़ियों के लिए कुल मिलाकर परिस्थितियां सकारात्मक हैं। उनके अनुसार पहले दौर का सबसे बड़ा मुकाबला आयुष शेट्टी और शी यूकी के बीच होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आयुष की आक्रामक शैली उन्हें उलटफेर का मौका दे सकती है और यदि वे यह मुकाबला जीत जाते हैं तो आगे का रास्ता काफी आसान हो सकता है।
लक्ष्य अब पहले से ज्यादा अनुभवी
गोपीचंद ने लक्ष्य सेन की प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि 2021 में विश्व चैंपियनशिप का कांस्य पदक जीतने वाले लक्ष्य अब कहीं अधिक परिपक्व और अनुभवी खिलाड़ी बन चुके हैं। उन्होंने माना कि कुनलावुत के खिलाफ संभावित मुकाबला बेहद कठिन और शारीरिक रूप से चुनौतीपूर्ण होगा, लेकिन घरेलू परिस्थितियों और बेहतर तैयारी के कारण लक्ष्य से मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद है।
पुरुष एकल में पदक की उम्मीद बरकरार
राष्ट्रीय कोच का मानना है कि इस बार पुरुष एकल वर्ग पहले की तुलना में अधिक खुला नजर आ रहा है और किसी एक खिलाड़ी का वर्चस्व नहीं है। उन्होंने कहा कि आयुष शेट्टी और लक्ष्य सेन दोनों में पोडियम तक पहुंचने की क्षमता है। साथ ही उन्होंने फ्रांस के पोपोव बंधुओं, चीनी ताइपे के चोउ तिएन चेन और इंडोनेशिया के अल्वी फरहान को भी खिताब के प्रमुख दावेदारों में शामिल बताया।
अन्य भारतीय खिलाड़ियों के मुकाबले
महिला एकल में उन्नति हुड्डा पहले दौर में म्यांमार की थेट हतार थुजार से भिड़ेंगी। जीत दर्ज करने पर अगले दौर में उनका सामना कनाडा की 13वीं वरीय मिशेल ली से हो सकता है।
मिश्रित युगल में 15वीं वरीय ध्रुव कपिला और तनिषा क्रास्टो को पहले दौर में बाय मिला है। प्री-क्वार्टर फाइनल में उनकी संभावित भिड़ंत चीन की छठी वरीय गुओ शिन वा और चेन फांग हुई की जोड़ी से हो सकती है।
रोहन कपूर और जी. रुथविका शिवानी की जोड़ी पहले दौर में कनाडा के जोनाथन लाई और क्रिस्टल लाई से मुकाबला करेगी।
महिला युगल में त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद का सामना स्पेन की पाउला लोपेज और लूसिया रोड्रिगेज से होगा, जबकि सिमरन सिंघी और काविप्रिया सेल्वम की जोड़ी स्पेन की निकोल कारुला और कारमेन जिमेनेज के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।
पुरुष युगल में एमआर अर्जुन और हरिहरन की जोड़ी पहले दौर में आयरलैंड के स्कॉट गिल्डिया और पॉल रेनॉल्ड्स के खिलाफ कोर्ट पर उतरेगी।
देश
दुनिया
मनोरंजन
खेल
छत्तीसगढ
हरियाणा
दिल्ली
धार्मिक
व्यापार
टेक & ऑटो
शिक्षा
स्वास्थ्य
आंध्र प्रदेश
तेलंगाना
सिक्किम
ओड़िशा
झारखंड
असम
नागालैण्ड