शुभमन गिल ने IPL में रचा नया इतिहास
यह कारनामा करने वाले पहले बल्लेबाज बने
अहमदाबाद, इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 के 9वें मैच में गुजरात टाइटंस का सामना पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस से हो रहा है. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हो रहे इस मैच में मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. इसके जवाब में मेजबान गुजरात टाइटंस ने 8 विकेट पर 196 रन का स्कोर बना डाला. गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने इस मैच में अपने नाम एक बहुत बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है.
साईं सुदर्शन के साथ पारी की शुरुआत पारी की शुरुआत करने उतरे गिल ने 27 गेंदों पर 38 रनों की पारी खेली. अपनी इस पारी के दौरान गिल ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में एक बड़ा रिकॉर्ड बना दिया.
गिल अब आईपीएल में नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर 1000 रन पूरा करने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं. साथ ही वह किसी एक मैदान पर 1000 रन पूरा करने में दूसरे सबसे तेज बल्लेबाज बन गए हैं.
शुभमन गिल ने आईपीएल के अपने करियर में 20 पारियों में ये कारनामा किया है. आईपीएल में किसी एक मैदान पर सबसे तेज 1000 रन बनाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है.
गेल ने आईपीएल में बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के मैदान पर सिर्फ 19 पारियों में 1000 रन पूरा कर दिया था. पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ओपनर डेविड वॉर्नर इस मामले में तीसरे नंबर पर है. वॉर्नर ने हैदराबाद के राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम मैदान में सिर्फ 22 पारियों में 1000 रन पूरा कर लिया था.
मैच की बात करें तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात के लिए कप्तान शुभमन गिल ने साईं सुदर्शन के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 78 रनों की साझेदारी की और टीम को शानदार शुरुआत दिलाई. गिल के अलावा साई सुदर्शन ने 41 गेंदों में 63 रन बनाए. वहीं, जॉस बटलर ने 24 गेंदों में 39 रन बनाए. मुंबई के लिए हार्दिक पंड्या ने 4 ओवर में 29 रन देकर 2 विकेट चटकाए.