साजिद-नोमान ने उड़ाई इंग्लैंड की धज्जियां
पाकिस्तान ने 1357 दिन बाद घर में जीती टेस्ट सीरीज
पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने अपने दो मुख्य स्पिनर साजिद खान और नोमान अली के दम पर तीसरे और अंतिम टेस्ट मैच में इंग्लैंड को नौ विकेट से धूल चटा दी. इस जीत के साथ ही पाकिस्तान की टीम तीन साल बाद जाकर अपनी पहली टेस्ट सीरीज 2-1 से जीत ली. 2021 के बाद यानि तीन साल बाद पाकिस्तान की टीम को अपने घर में टेस्ट सीरीज में जीत मिली है, वहीं इंग्लैंड के खिलाफ 2015 के बाद पाकिस्तान ने सीरीज पर कब्जा किया है.
पाकिस्तान की इस जीत में साजिद खान और नोमान अली का अहम योगदान रहा. दोनों ने रावलपिंडी टेस्ट में मिलकर 19 विकेट चटकाए. साजिद-नोमान ने इससे पहले, मुल्तान में भी मिलकर 20 विकेट हासिल किए थे. तीसरे टेस्ट की दूसरी पारी में दोनों ने मिलकर 10 विकेट चटकाए. नोमान अली को छह और साजिद खान को दो सफलता मिली.
पाकिस्तान की टीम ने खेल के तीसरे दिन इंग्लैंड की दूसरी पारी को 112 रन पर समेट दिया. जीत के लिए 36 रन के लक्ष्य को एक विकेट खोकर हासिल कर लिया. पहली पारी में शतक जड़ने वाले सौद शकील को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, वहीं साजिद खान प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया. शान मसूद की कप्तानी में पाकिस्तान को पहली टेस्ट सीरीज में जीत मिली है.
इससे पहले, इंग्लैंड की टीम पहली पारी में 267 रन पर ढेर हो गई थी. जेमी स्मिथ ने सबसे ज्यादा 89 रन की पारी खेली थी, वहीं बेन डकेट ने 52 रन और गस एटकिंसन ने 39 बनाए. पाकिस्तान के लिए पहली पारी में साजिद खान ने छह और नोमान अली ने तीन विकेट लिए. पाकिस्तान ने इंग्लैंड की पहली पारी के जवाब में सौद शकील (134) के शतक से 344 रन बनाए. दूसरी पारी में इंग्लैंड की टीम नोमान अली और साजिद खान की खतरनाक गेंदबाजी के आगे 112 रन सिमट गई थी.