रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात को धूल चटाई
7वें नंबर पर लगाई छलांग, प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा
CURATED BY – GAURAV SINGHAL | CITYCHIEFNEWSरॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2024 के 52वें मैच में गुजरात टाइटंस से मिले 148 रनों के लक्ष्य को हासिल करने में पसीने छूट गए. बेंगलुरु की टीम ने इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए अपने छह विकेट गंवा दिए और 13. 4 ओवर में जाकर इसे पूरा किया, खासकर तब जब विराट कोहली और कप्तान फॉफ डु प्लेसिस ने पहले विकेट के लिए 35 गेंदों पर ही 92 रनों की तूफानी साझेदारी करके धमाकेदार शुरुआत दिलाई थी. एम.चिन्नास्वामी स्टेडियम में शनिवार को हुए इस मुकाबले में बेंगलुरु ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए गुजरात को 19.3 ओवर में 147 रन पर समेट दिया और फिर 13.4 ओवर में 6 विकेट खोकर टारगेट को चेज कर लिया.
बेंगलुरु की 11 मैचों में यह चौथी जीत और अब उसके आठ अंक हो गए हैं. इस शानदार जीत के बाद टीम के नेट रन रेट में भी काफी सुधार हुआ है और इसकी वजह से उसने चार पायदानों की छलांग लगाकर 11वें से सातवें नंबर पर अपनी जगह बना ली है. इसके साथ ही बेंगलुरु ने प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है. गुजरात को 11 मैचों में सातवीं हार का सामना करना पड़ा है. टीम अब आठ अंकों के साथ नौवें नंबर पर खिसक गई है.
गुजरात से मिले 148 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेंगलुरु को कप्तान फॉफ डु प्लेसिस (64) और विराट कोहली (42) ने पहले विकेट के लिए 35 गेंदों पर ही 92 रनों की तूफानी साझेदारी करके गुजरात को मैच से दूर कर दिया. डु प्लेसिस के छठे ओवर में आउट होने के बाद बेंगलुरु की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई और टीम ने फिर अगले 111 रनों तक अपने 5 विकेट खो दिए. इसमें डु प्लेसिस के अलावा पिछले मैच के शतकधारी विल जैक (1), रजत पाटीदार (2), ग्लेन मैक्सवेल (4) और कैमरन ग्रीन (1) के विकेट शामिल थे.
इन 5 विकेटों में जोशुआ लिटिल ने अकेले चार विकेट और नूर अहमद ने एक विकेट चटकाए. हालांकि अनुभवी विराट कोहली एक छोर पर टिके हुए थे. लेकिन 11वें ओवर में नूर ने अपनी गूगली में विराट को फंसा लिया और विकेट के पीछे रिद्धिमान साहा के हाथों कैच कराक बेंगलुरु को तगड़ा झटका दे दिया. कोहली ने 25 गेंदों पर एक चौका और चार छक्के लगाए.
अब सारी उम्मीदें कार्तिक के कंधों पर आकर टिक गई और उन्होंने अपनी टीम को निराश नहीं किया. कार्तिक ने स्प्निल सिंह के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए 41 रनों की मैच की दूसरी साझेदारी करके बेंगलुरु को चार विकेट से जीत दिला दी. गुजरात के लिए जोशुआ लिटल के चार विकेटों के अलावा नूर अहमद ने दो विकेट लिए.
इससे पहले, बेंगलुरु ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए गुजरात को 19.3 ओवर में 147 रन पर ढेर कर दिया. बेंगलुरु ने इस सीजन में पहली बार किसी टीम को ऑलआउट किया. इस सीजन में बेंगलुरु में किसी भी टीम का यह न्यूनतम स्कोर है. वहीं, गुजरात टाइटंस की टीम इस सीजन में तीसरी बार ऑलआउट हुई, जोकि किसी भी टीम के मुकाबले सबसे ज्यादा है. साथ ही बेंगलुरु के खिलाफ गुजरात का यह न्यूनतम स्कोर है.
गुजरात की शुरुआत सही नहीं रही और उसने 19 रन के अंदर ही गुजरात के तीन विकेट गिरा दिए. इसमें मोहम्मद सिराज ने रिद्धिमान साहा (1) और कप्तान शुभमन गिल (2) को पवेलियन का रास्ता दिखाया. इसके बाद कैमरन ग्रीन ने साई सुदर्शन (6) को अपना शिकार बनाया. हालांकि फिर डेविड मिलर (30) और शाहरुख खान (37) ने चौथे विकेट के लिए 61 रनों की साझेदारी करके गुजरात को 100 के पार पहुंचाया.
मिलर ने 20 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्के जबकि शाहरुख ने 24 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्का लगाया. मिलर और शाहरुख के आउट होने के बाद गुजरात की बल्लेबाजी धीमी पड़ गई. लेकिन फिर राहुल तेवतिया (35) और राशिद खान (18) ने छठे विकेट के लिए 44 रन जोड़कर अपनी टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया. राशिद ने 13 गेंदों पर दो चौके और एक छक्का जड़ा. तेवतिया ने 21 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्का लगाया. राशिद और तेवतिया के आउट होने के बाद गुजरात की टीम 19.3 ओवर में 147 रन पर सिमट गई.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए यश दयाल, मोहम्मद सिराज और विजयकुमार वैशाख ने दो-दो जबकि और कैमरन ग्रीन तथा कर्ण शर्मा ने एक-एक विकेट झटके.