एक बार फिर जीती बाजी हारा राजस्थान रॉयल्स
सीजन की 7वीं हार, RCB को हेजलवुड के दम पर घर पर पहली जीत
बेंगलुरु. जीत के करीब पहुंचकर घुटने टेक रही राजस्थान रॉयल्स (RR) की टीम की किस्मत बेंगलुरु में भी नहीं बदल पाई. एक बार फिर वह जीत रही बाजी हार गया. 206 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल्स की टीम को यशस्वी जायसवाल (49) के बाद ध्रुव जुरेल (47), नीतिश राणा (28) और कप्तान रियान पराग (22) टीम को तेजी से टारगेट की ओर लेकर जा रहे थे. लेकिन इनमें से कोई भी बल्लेबाज जीत दिलाने की जिम्मेदारी के लिए अंत तक नहीं टिक पाया और टीम स्लॉग ओवरों में ताश के पत्तों की तरह ढह गई. RCB की यह इस सीजन घर में पहली जीत है.
अंतिम ओवरों में जोश हेजलवुड ने अपना अनुभव झोंकते हुए उसके बल्लेबाजों से गेंदें खाली कराने की अपनी कला से दबाव बढ़ाया तो वे बिखरते चले गए. हेजलवुड ने इस मैच में 33 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए. इसकी बदौलत राजस्थान रॉयल्स की टीम यहां 11 रनों से मैच हार गई.
RCB की टीम अब 12 अंक लेकर तालिका में तीसरे स्थान पर है. उससे आगे गुजरात टाइटन्स (GT) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) की टीमे हैं, जिनके पास भी 12-12 अंक हैं. राजस्थान रॉयल्स की यह लगातार 5वीं हार थी.
इससे पहले स्टार बल्लेबाज विराट कोहली (70 रन) और देवदत्त पडीक्कल (50 रन) के अर्धशतकों तथा दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 51 गेंद में 95 रन की साझेदारी से आरसीबी ने पांच विकेट पर 205 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया.
राजस्थान रॉयल्स 20 ओवर में 9 विकेट पर 194 रन ही बना सकी. एक समय वह इस मैच में RCB से हर मोड़ आगे दिख रही थी. लेकिन जोश हेजलवुड ने 17वें और 19वें ओवर में शानदार गेंदबाजी कर आरसीबी को मैच में वापसी कराई.
शुभम दुबे और जुरेल ने 18वें ओवर में भुवनेश्वर कुमार पर 22 रन जुटाए, जिससे राजस्थान को जीत के लिए दो ओवर में केवल 18 रन चाहिए थे. लेकिन 19वें ओवर में हेजलवुड ने महज एक रन देकर दो विकेट झटके जिसमें जुरेल (47 रन) का विकेट भी शामिल था. इससे आरसीबी की जीत सुनिश्चित हुई.
जुरेल रिव्यू के बाद आउट हुए और फिर हेजलवुड ने अगली गेंद पर जोफ्रा आर्चर का विकेट झटका जबकि अंतिम ओवर में यश दयाल ने शुभम दुबे (12 रन) और वानिंदु हसारंगा (01) को आउट किया.
राजस्थान रॉयल्स ने पावरप्ले में भले ही दो विकेट गंवा दिए लेकिन उसने छह ओवर में 72 रन बना लिए थे, जबकि आरसीबी का पावरप्ले में स्कोर बिना विकेट गंवाए 59 रन था. 9 ओवर में जहां आरसीबी का स्कोर 72 रन था तो वहीं राजस्थान की टीम दो विकेट पर 110 रन बना लिए थे और जीत की ओर बढ़ रही थी. लेकिन हेजलवुड ने उसकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया.