पंजाब ने राजस्थान को 5 विकेट से पीटा
रॉयल्स की लगातार चौथी हार
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2024) में बुधवार को राजस्थान रॉयल्स (RR) पंजाब किंग्स (PBKS) से 5 विकेट से हार गई. यह इस सीजन उसकी लगातार चौथी हार है. वह प्लेऑफ में भले जगह बना चुकी है लेकिन बीते दो सप्ताह से जीत के पटरी से ऐसी उतरी है कि अब तक अपनी लय नहीं पकड़ पा रही है. रॉयल्स की टीम आज यहां अपने दूसरे घर गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में खेलने उतरी थी. यहां उसने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला लिया लेकिन वह 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर सिर्फ 144 रन ही बना पाई. पंजाब ने 7 बॉल बाकी रहते 5 विकेट से यह मैच अपने नाम कर लिया.
पंजाब के कप्तान सैम करन (Sam Curran) ने इस मैच में 2 विकेट लेने के अलावा नाबाद 63 रन भी बनाए. उन्होंने अपनी बॉलिंग में यशस्वी जायसवाल (4) और ध्रुव जुरेल (0) को आउट किया. उनके अलावा राइली रोस्यू (22) और जितेश शर्मा (22) ने अच्छा योगदान दिया. अंत में सैम के साथ आशुतोष शर्मा (17*) ने टीम को जीत दिला दी.
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी रॉयल्स अपने इन्फॉर्म बल्लेबाज रियान पराग (48) ने बेहतरीन पारी के दम पर इस सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच पाई. मैच के पहले ही ओवर में यशस्वी जायसवाल बोल्ड हो गए. इसके बाद कप्तान सैमसन (18) ने डेब्यू कर रहे कोहलेर कैडमोरे (18) के साथ मिलकर पारी को संभालने की कोशिश की. लेकिन नाथन एलिस ने संजू को आउट किया तो कैडमोरे भी राहुल चाहर का शिकार हो गए.
इसके बाद रियान पराग ने रविचंद्रन अश्विन (28) के साथ मिलकर पारी को संभाल लिया था. लेकिन जैसे ही अर्शदीप ने अश्विन को आउट किया तो इसके बाद ध्रुव जुरेल, रोवमैन पॉवेल (4) और डोनोवेन फेरेरिया (7) भी आउट हो गए और राजस्थान की टीम दबाव से नहीं उबर पाई.
145 रनों का लक्ष्य बचाने उतरी रॉयल्स के गेंदबाजों ने पावरप्ले में पंजाब पर अच्छा दबाव बनाया था. ट्रेंट बोल्ट और आवेश खान ने शुरुआती 5 ओवर में उसे 3 बड़े झटके दे दिए थे. जब टीम का कुल स्कोर 48 रन था, तब युजवेंद्र चहल ने जॉनी बेयरस्टो (14) को अपनी फिरकी में फंसा लिया.
लेकिन यहां से कप्तान सैम करन ने जितेश शर्मा (22) के साथ मिलकर 5वें विकेट के लिए 63 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की, जो मैच विनिंग साबित हुई. जितेश के आउट होने के बाद अंत का काम आशतोष शर्मा ने करन के साथ मिलकर पूरा कर दिया.