जयपुर, प्रियांश आर्य और जोश इंग्लिस के अर्धशतकों की मदद से पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2025 के 69वें मैच में सोमवार को मुंबई इंडियंस को सात विकेट से हरा दिया.

मुंबई इंडियंस ने जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 184 रनों का स्कोर बनाया, जिसे पंजाब किंग्स ने 18.3 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया.

11 साल के बाद प्लेऑफ में पहुंची पंजाब किंग्स की लीग चरण में 14 मैचों में यह नौवीं जीत रही. टीम ने 19 अंकों के साथ अंकतालिका में टॉप-2 में रहते हुए लीग चरण का समापन किया. पंजाब का अब टॉप-2 में रहना तय है. पंजाब किंग्स की टीम अब 29 मई को चंडीगढ़ के मुल्लांपुर में क्वालीफायर-1 खेलेगी.


मुंबई इंडियंस को 14 मैचों में छठी हार मिली है. टीम ने लीग चरण में आठ मैच जीते और 16 अंकों के साथ चौथे नंबर पर रहते हुए लीग चरण की समाप्ति की. मुंबई इंडियंस की टीम 30 मई को चंडीगढ़ के मुल्लांपुर में एलिमिनेटर मुकाबला खेलेगी.

आईपीएल के इतिहास में मुंबई इंडियंस ने जब भी तीसरे या चौथे स्थान पर रहकर लीग चरण का समापन किया है तब टीम कभी खिताब नहीं जीत पाई है. मुंबई इंडियंस ने अब तक 6 बार फाइनल में प्रवेश किया है और इसमें से टीम ने 5 बार तब खिताब जीते हैं जब उसने टॉप-2 में फिनिश किया है.

पंजाब किंग्स के लिए प्रियांश आर्य ने 35 गेंदों का सामना करते हुए नौ चौकों और दो छक्कों की बदौलत 62 रनों की पारी खेली. उनके अलावा जोश इंग्लिस ने 42 गेंदों पर नौ चौके और तीन छक्कों के सहारे 73 रन बनाए. वहीं, प्रभसिमरन सिंह ने 13 और कप्तान श्रेयस अय्यर ने नाबाद 26 रनों का योगदान दिया.

इससे पहले. सूर्यकुमार यादव के अर्धशतक से मुंबई इंडियन्स ने सात विकेट पर 184 रन बनाए. सूर्यकुमार ने 39 गेंद में छह चौकों और दो छक्कों से 57 रन की पारी खेली.

गेंदबाजों की मददगार पिच पर मुंबई ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और रेयान रिकेल्टन (27), कप्तान हार्दिक पंड्या (26), रोहित शर्मा (24) और नमन धीर (20) अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में नाकाम रहे.

पंजाब किंग्स की ओर से अर्शदीप सिंह ने 28, मार्को यानसेन ने 34 और विजय कुमार विशाख ने 44 रन देकर दो-दो विकेट चटकाए.