मुंबई इंडियंस के सिर सजा ताज
दूसरी बार बनी चैंपियन, लगातार तीसरा फाइनल हारी दिल्ली
नई दिल्ली, वूमेंस प्रीमियर लीग (Women’s Premier League Final) का फाइनल मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स (Mumbai Indians vs Delhi Capitals) के बीच मुंबई में खेला गया. इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने 8 रन से शानदार जीत दर्ज की. मुंबई इंडियंस का यह दूसरा खिताब है इससे पहले उन्होंने साल 2023 में खिताब जीता था. लगातार तीसरा फाइनल खेल रही दिल्ली की टीम 150 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 140 रन ही बना सकी.
दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. मुंबई की टीम जब पहले बैटिंग करने उतरी तो उन्होंने 20 ओवर में 149 रन बनाए. हरमनप्रीत कौर ने शानदार 66 रन की पारी खेली थी. हरमनप्रीत ने 44 गेंद में नौ चौके और दो छक्के जड़े. उन्हें दूसरे छोर पर उन्हें कोई अच्छा जोड़ीदार नहीं मिला जिससे टीम धीमी शुरूआत के बाद इस स्कोर तक ही पहुंच सकी. उनके अलावा नैट साइवर ब्रंट ने 30 रन का योगदान दिया.
लेकिन जब ऐसा लग रहा था कि मुंबई इंडियंस की टीम बड़ा स्कोर बनाने की ओर बढ़ रही है तभी बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरानी ने साइवर ब्रंट को स्क्वायर लेग पर कैच करा दिया जो स्लॉग स्वीप करने की कोशिश में पवेलियन पहुंची. इस तरह 16वें ओवर में जोनासेन के दोहरे झटके से स्कोर तीन विकेट पर 103 रन से छह विकेट पर 118 रन हो गया जिससे हरमनप्रीत पर दबाव बढ़ गया.