दाएं हाथ के वसीम अकरम हैं जसप्रीत बुमराह
उन्हें खेलना बुरे सपना जैसा: जस्टिन लैंगर
मेलबर्न. भारत के खिलाफ खेलने वाली विरोधी टीमों के बल्लेबाज जसप्रीत बुमराह के नाम से खूब खौफ खाते हैं. बुमराह इन दिनों ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारतीय पेस अटैक की अगुआई कर रहे हैं और सीरीज के पहले 3 टेस्ट मैचों के बाद वह सबसे ज्यादा 21 विकेट लेकर टॉप पर चल रहे हैं. उनके बाद नंबर 2 पर चल रहे मिचेल स्टार्क और पैट कमिंस के नाम 14-14 विकेट ही दर्ज हैं. ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कोच और पूर्व धाकड़ बल्लेबाज जस्टिन लैंगर (Justin Langer) ने बुमराह की तुलना महान तेज गेंदबाज वसीम अकरम (Wasim Akram) से की है. उन्होंने कहा कि बल्लेबाजों को इस तेज गेंदबाज का सामना करना एक बुरे सपने जैसा है.
लैंगर इन दिनों बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी (BGT 2024-25) में कॉमेंट्री पैनल का हिस्सा हैं. वह ब्रिसबेन टेस्ट के खत्म होने के बाद बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच के लिए मेलबर्न पहुंच गए हैं. यहां पहुंच कर उन्होंने द नाइटली से बुमराह की जमकर तारीफ की है. उन्होंने कहा, ‘मुझे उनका सामना करना कतई पसंद नहीं हैं वह बिल्कुल वसीम अकरम की तरह हैं. वह आज के दौर में दाएं हाथ के वसीम अकरम हैं और जब भी मुझसे पूछा जाता है कि आपने अब तक का सबसे अच्छा गेंदबाज कौन सा खेला है तो मैं कहता हूं वसीम अकरम.’
आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स के इस कोच ने कहा, ‘बुमराह के पास अच्छा पेस है और महान गेंदबाज हर बार गेंद को एक ही जगह पर डालते हैं और उनके पास एक अच्छा बाउंसर भी है ये सभी क्वॉलिटीज उन्हें एक भयानक नाइट मेयर (बुरा सपना) बनाता है. उनके पास गेंद को दोनों ओर स्विंग कराने की क्षमता है. उनकी सीम सचमुच एकदम सही है.’
उन्होंने कहा, ‘अगर आप सही सीम पर गेंद छोड़ते हैं और यह उंगलियों से बिल्कुल सही ढंग से निकलती है, जैसा उनके साथ होता है तो बतौर बल्लेबाज आपको दोहरी मार का सामना करना पड़ता है. सही परिस्थितियों में अगर गेंद को स्विंग करें और अगर गेंद सीम से टकराती है तो यह किसी भी ओर जा सकती है. अकरम भी यही करते थे और उनका सामना करना बुरे सपने जैसा है.’
लैंगर ने कहा, ‘मैंने सीरीज की शुरुआत से पहले ही कह दिया था कि अगर बुमराह फिट रहते हैं तो ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों के लिए ये मुश्किल गर्मियां होंगी और अगर वह फिट नहीं रहते हैं तो मुझे लगता है ऑस्ट्रेलिया आसानी से सीरीज जीत जाएगा और मैं अब भी अपनी इसी बात पर कायम हूं.’