भारत सेमीफाइनल में पहुंचा
ऑस्ट्रेलिया का काम तमाम... कंगारुओं के सपने टूटे
नई दिल्ली. टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के सामने जब भारतीय टीम उतरी तो खिलाड़ियों के दिल में एक टीस रही होगी. यह टीस थी वनडे वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल की हार की. ऑस्ट्रेलिया ने पिछले साल 19 नवंबर को भारत से वर्ल्ड कप छीन लिया था. भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप के अहम मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को हराकर काफी हद तक 19 नवंबर का बदला ले लिया है. भारत ने इस जीत से सेमीफाइनल में जगह बना ली है. दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलिया का सेमीफाइनल खेलना भी मुश्किल हो गया है.
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सुपर-8 का मुकाबला सोमवार को सेंट लूसिया में खेला गया. ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग चुनी, लेकिन उसका यह दांव फेल हो गया. मौसम विभाग का अनुमान था कि बादल बरसेंगे. इसी अनुमान के चलते ऑस्ट्रेलिया ने पहले गेंदबाजी चुनी थी. बारिश तो हुई, लेकिन बादल नहीं बरसे. बरसे तो भारतीय कप्तान रोहित शर्मा. रोहित शर्मा ने 41 गेंद पर 92 रन ठोक भारत के विशाल स्कोर की नींव रखी. इसकी बदौलत भारत ने 5 विकेट पर 205 रन का पहाड़ खड़ा किया. ऑस्ट्रेलिया की टीम भारत के इस स्कोर के जवाब में 7 विकेट पर 181 रन ही बना सकी.
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी भारत की शुरुआत खराब रही. विराट कोहली एक बार फिर उम्मीद पर खरे नहीं उतरे. इस बार तो वे खाता भी नहीं खोल पाए. लेकिन रोहित शर्मा ने भारत को इस झटके से झटके में ही उबार लिया. विराट कोहली मैच के दूसरे ओवर में आउट हुए तो तीसरे ओवर में रोहित शर्मा ने 29 रन ठोक दिए. इससे मैच का मोंमेटम भारत की ओर आ गया.
रोहित शर्मा ने 41 गेंद में 92 रन बनाकर आउट हुए. यह टी20 वर्ल्ड कप में उनका बेस्ट स्कोर भी है. रोहित शर्मा के अलावा सूर्यकुमार यादव (31), शिवम दुबे (28), हार्दिक पंड्या (27) और ऋषभ पंत (15) ने बेहतरीन खेल दिखाया. ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिचेल स्टार्क और मार्कस स्टॉयनिस ने 2-2 विकेट झटके. एक विकेट जोश हेजलवुड ने अपने नाम किया.
ऑस्ट्रेलिया ने 206 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए एक समय दो विकेट पर 128 रन बना लिए थे. उस वक्त लग रहा था कि ऑस्ट्रेलिया मैच जीत भी सकता है. लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने लगातार अंतराल पर विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया पर दबाव बनाए रखा. नतीजा यह हुआ कि ऑस्ट्रेलिया की टीम निर्धारित 20 ओवर में 181 रन ही बना सकी. ऑस्ट्रेलिया की ओर से ट्रेविस हेड ने सबसे अधिक 76 रन बनाए. मिचेल मार्श ने 37 और ग्लेन मैक्सवेल ने 20 रन की पारी खेली. भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने सबसे अधिक 3 विकेट झटके. कुलदीप यादव ने 2 विकेट अपने नाम किए. जसप्रीत बुमराह और अक्षर पटेल को एक-एक विकेट मिला.