भारत ने 11 साल, 132 महीने और 4020 दिन के सूखे को खत्म किया
रोहित - विराट का सपना पूरा, दक्षिण अफ्रीका ने फिर किया 'चोक'
टी20 वर्ल्ड कप 2024 फाइनल में टीम इंडिया आईसीसी ट्रॉफी का सूखा खत्म कर दिया है. मुकाबले में रोमांच का तीसरा डोज मिला. भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका से फाइनल मुकाबले में जबड़े से जीत छीन ली. 11 साल बाद भारत ने आईसीसी ट्रॉफी अपने नाम की है. महामुकाबले में टीम इंडिया ने 7 रन से रोमांचक जीत दर्ज की. थकी आंखों को सुकून देने में भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह जैसे दिग्गजों ने अहम योगदान दिया. बारबडोस में खुशी के आंसुओं में डूबा नीला समंदर नजर आया.
विराट की शानदार पारी
टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था. भारतीय टीम ने पहले ओवर में शुरुआत शानदार की, लेकिन दूसरे ओवर में केशव महाराज ने भारतीय फैंस की सांसे अटका दी. रोहित और पंत सस्ते में अपना विकेट दे बैठे, लेकिन दूसरे छोर से विराट कोहली ने खूंटा गाड़ लिया था. विराट ने 59 गेंद में 76 रन की बेहतरीन पारी खेली. अक्षर पटेल ने भी 47 रन बनाए और टीम को 176 रन तक पहुंचा दिया.
हेनरिक क्लासेन ने अटकाईं सांसें
177 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत नाजुक थी. लेकिन क्विंटन डिकॉक (39) और ट्रिस्टन स्टब्स (31) की शानदार पारियों की बदौलत टीम इंडिया बैकफुट पर आई. लेकिन एक छोर पर हेनरिक क्लासेन ने अपनी बैटिंग से मुकाबले को एक तरफा बना दिया. क्लासेन ने ताबड़तोड़ 27 गेंद में 5 छक्कों और 2 चौकों की बदौलत 52 रन की पारी को अंजाम दिया.