गुजरात टाइटंस ने रोका राजस्थान का विजय रथ
कप्तान गिल ने खेली शानदार पारी
आईपीएल 2024 के 24वें मैच में गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को 3 विकेट से हरा दिया. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला गया. राजस्थान को 5 मैच में पहली हार मिली है. इससे पहले उसने सभी चार मैचों में जीत हासिल की थी. राजस्थान ने लखनऊ सुपर जाएंट्स, दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को हराया था. दूसरी ओर, गुजरात को 6 मैच में सिर्फ तीसरी जीत मिली है. उसने मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बाद अब राजस्थान को हराया है. गुजरात को पहली बार इस सीजन में विपक्षी टीम के मैदान पर जीत मिली है. शुभमन गिल की टीम इससे पहले चेन्नई सुपरकिंग्स, पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ हारी थी.
बारिश के कारण टॉस 25 मिनट की देरी से हुआ. गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग का फैसला किया. राजस्थान ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 196 रन बनाए. गुजरात की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 199 रन बनाकर मैच को जीत लिया. गुजरात को आखिरी दो ओवरों में जीत के लिए 35 रन बनाने थे. राहुल तेवतिया और राशिद खान ने टीम को जीत के करीब पहुंचाया. दोनों ने मिलकर 19वें ओवर में कुलदीप सेन की गेंद पर 20 रन बटोरे. आखिरी ओवर में टीम को 15 रन चाहिए थे. तेवतिया इस ओवर में रनआउट हो गए. अंतिम गेंद पर जब 2 रन बनाने थे तो राशिद ने आवेश खान की गेंद पर ऑफ साइड में चौका मारकर टीम को जीत दिला दी.
10 April