अहमदाबाद. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2025) में प्लेऑफ पर अपनी नजरें टिकाए गुजरात टाइटन्स (GT) ने सनराजइजर्स हैदराबाद (SRH) को 38 रनों से हराकर प्वॉइंट्स टेबल में दूसरा स्थान हासिल कर लिया है. यह इस सीजन उसका 10वां मुकाबला था, जिसमें उसने 7वीं बार जीत अपने नाम की. टॉस हारकर पहले बैटिंग पर उतरी टाइटन्स के लिए उसके टॉप 3 बल्लेबाजों ने एक बार फिर रनों का अंबार खड़ा करने में अहम भूमिका निभाई.

साई सुदर्शन (48), कप्तान शुभमन गिल (76) और जोस बटलर (64) ने बेहतरीन हाफ सेंचुरियां जड़ी, जिसकी बदौलत गुजरात ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 224 रन बनाए. सनराइजर्स के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट ने पारी के आखिरी ओवर में 3 विकेट अपने नाम किए लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.

225 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स को ट्रेविस हेड (20) और अभिषेक शर्मा (74) ने तेज शुरुआत दी. लेकिन 5वें ओवर में राशिद खान के बेहतरीन कैच पर ट्रेविस हेड को पवेलियन लौटना पड़ा. प्रसिद्ध कृष्णा के नाम यह विकेट दर्ज हुआ. इसके बाद ईशान किशन एक बार फिर संघर्ष करते दिखाई दिए और वह 17 बॉल की पारी में बिना कोई बाउंड्री लगाए 13 रन बनाकर आउट हो गए.

हेनरिच क्लासेन (23) और अभिषेक शर्मा तीसरे विकेट के लिए 57 रनों की साझेदारी निभाई. इस बीच अभिषेक शर्मा एक छोर से तेजी से रन बनाने का प्रयास कर रहे थे लेकिन दूसरे छोर से उन्हें वैसा साथ नहीं मिला, जिसकी टीम को दरकार थी. अभिषेक शर्मा ने तेज तर्रार फिफ्टी जरूर जमाई लेकिन 74 के निजी स्कोर पर वह इशांत शर्मा का शिकार बने. वह पारी के 15वें ओवर में आउट हुए. इसके बाद गुजरात ने मैच पर अपनी पकड़ बना ली और नियमित अंतराल पर विकेट झटकते रहे. अंत में सनराइजर्स की टीम 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 186 रन ही बना पाई.

यह 10 मैचों में उसकी 7वीं हार है और वह अंकतालिका में 9वें पायदान पर बने हुए हैं. हैदराबाद के पास अभी भी अगर-मगर में प्लेऑफ में पहुंचने का मौका बचा है, जबकि उससे ऊपर 8वें पायदान पर मौजूद राजस्थान रॉयल्स की टीम पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है. सनराइजर्स की टीम अब रविवार को दिल्ली कैपिटल्स से भिड़ने उतरेगी.