धोनी ने खेली तूफानी पारी लेकिन सीएसके को नहीं दिला पाए जीत
IPL 2024 में दिल्ली कैपिटल्स को मिली पहली जीत,
IPL 2024 में दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने अपना पहला मुकाबला जीत लिया है। टीम ने चेन्नई सुपर किंग्स को 20 रनों से हरा दिया। इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स की तरफ डेविड वॉर्नर और पृथ्वी शॉ ने बेहतरीन बल्लेबाजी की। ये खिलाड़ी दिल्ली की टीम के लिए सबसे बड़े हीरो साबित हुए हैं। दिल्ली की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स को 192 रनों का टारगेट दिया, जिसके जवाब में सीएसके की टीम 171 रन ही बना पाई। मौजूदा सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स को पहली हार मिली है।
आखिरी ओवर्स में धोनी की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी
चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत बहुत ही खराब रही थी। जब रुतराज गायकवाड़ और रचिन रवींद्र बड़ा स्कोर नहीं बना पाए। गायकवाड़ 1 रन और रचिन 2 रन ही बना पाए। इसके बाद अजिंक्य रहाणे और डेरिल मिचेल ने कुछ देर विकेट पर टिकने की कोशिश और अच्छे स्ट्रोक लगाए। लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला पाए। अजिंक्य रहाणे ने टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए। उन्होंने टीम के लिए 45 रन बनाए। मिचेल ने 34 रनों का योगदान दिया। पिछले मैच के हीरो रहे समीर रिजवी इस मुकाबले में खाता तक नहीं खोल पाए। महेंद्र सिंह धोनी ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी का नमूना पेश किया। उन्होंने 16 गेंदों में 37 रन बनाए, जिसमें चार चौके और तीन छक्के लगाए। रवींद्र जडेजा ने 21 रन बनाए। लेकिन चेन्नई के बल्लेबाज 20 ओवर्स में 171 रन ही बना पाए और चेन्नई की टीम मुकाबला हार गई।
मुकेश कुमार ने हासिल किए सबसे ज्यादा विकेट
दिल्ली कैपिटल्स के लिए मुकेश कुमार ने बेहतरीन गेंदबाजी की। उन्होंने तीन ओवर में 21 रन देकर 3 विकेट चटकाए। खलील अहमद ने 2 विकेट अपने नाम किए। वहीं अक्षर पटेल ने 1 विकेट चटकाया। खलील अहमद काफी किफायती भी साबित हुए। उन्होंने अपने चार ओवर में सिर्फ 21 रन ही दिए।
वॉर्नर-शॉ ने लगाए अर्धशतक
दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से पृथ्वी शॉ और डेविड वॉर्नर ने टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। इन दोनों प्लेयर्स ने मैदान के हर तरफ स्ट्रोक लगाए और सबसे बड़े मैच विनर बनकर उभरे। दोनों खिलाड़ियों के बीच पहले विकेट के लिए 93 रनों की साझेदारी हुई। लेकिन फिर डेविड वॉर्नर 52 रन बनाकर आउट हो गए। पृथ्वी शॉ ने 43 रन बनाए। दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत ने भी अर्धशतक लगाया। उन्होंने 51 रन बनाए। मिचेल मार्श ने 18 रन बनाए। इन प्लेयर्स की वजह से ही दिल्ली कैपिटल्स की टीम बड़ा स्कोर बना पाई। मतीशा पथिराना ने तीन विकेट चटकाए। रवींद्र जडेजा और मुस्फिजुर रहमान ने एक-एक विकेट चटकाया है।