हटा से गायब युवक दमोह में ट्रेन से टकराया दोनों पैर कटे
गंभीर हालत में जबलपुर रेफर
दमोह, दमोह जिले के हटा के नवोदय वार्ड में रहने वाला एक युवक दमोह के फुटेरा फाटक पर ट्रेन हादसे का शिकार हो गया। युवक के दोनों पैर ट्रेन के पहिए से कट चुके हैं।
स्थानीय लोगों की मदद से उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। युवक बेहोशी की हालत में था प्राथमिक उपचार के करीब आधे घंटे बाद उसे होश आया, तो पता चला कि वह हटा के नवोदय वार्ड का रहने वाला है और उसका नाम नीलेश साहू पिता नन्हे साहू 28 है। जिला अस्पताल के वार्ड बॉय के द्वारा नवोदय वार्ड के एक व्यक्ति को सूचना दी गई। उसने परिजनों को खबर की और सभी लोग जिला अस्पताल पहुंचे।
जिला अस्पताल में ड्यूटी डॉक्टर विक्रांत चौहान ने बताया कि युवक की हालत नाजुक है उसके दोनों पैर कट चुके हैं। घायल को होश आ गया है, लेकिन उसकी हालत बिगड़ सकती है इसलिए उन्होंने परिजनों से घायल को जबलपुर ले जाने के लिए कहा है। उसे जबलपुर रेफर कर दिया गया है। जिला अस्पताल पहुंचे नवोदय वार्ड के एक व्यक्ति ने बताया कि उसे सूचना मिली थी। वह उस समय पथरिया में एक शादी समारोह में था । उसने हटा में परिजनों को खबर की और फिर वो भी दमोह पहुंचा है। घटना कैसे हुई है इसकी जानकारी नहीं है। परिजन केवल इतना बता रहे है की उनका बेटा घर से गायब था।