इंदौर, इंदौर में मानसून की बारिश ने रालामंडल अभयारण्य की खूबसूरती को और बढ़ा दिया है। चारों ओर फैली हरियाली, सुहाना मौसम और प्रकृति के बीच समय बिताने का मौका शहरवासियों को बड़ी संख्या में यहां खींच रहा है। यही वजह है कि अगस्त के शुरुआती तीन वीकेंड में रालामंडल पर्यटकों से गुलजार रहा। इन छह दिनों में 23,767 पर्यटक अभयारण्य पहुंचे, जिससे वन विभाग को 10 लाख रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ।

सप्ताहांत पर बढ़ रही पर्यटकों की भीड़

इंदौर से कुछ दूरी पर करीब 234 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले रालामंडल अभयारण्य में सामान्य दिनों में भी पर्यटकों की आवाजाही रहती है, लेकिन शनिवार और रविवार को यहां भीड़ कई गुना बढ़ जाती है। मानसून के दौरान जंगल का बदला हुआ प्राकृतिक स्वरूप इसका प्रमुख आकर्षण बना हुआ है।

सुबह के समय बड़ी संख्या में लोग हरियाली और प्राकृतिक वातावरण का आनंद लेने पहुंचते हैं, जबकि दिन चढ़ने के साथ परिवारों और अन्य पर्यटकों की संख्या बढ़ जाती है। युवा दोस्तों के साथ यहां पहुंचकर घूमने के अलावा सोशल मीडिया के लिए रील्स और तस्वीरें भी बना रहे हैं।

तीन वीकेंड में 23,767 पर्यटक पहुंचे

अगस्त के अब तक के तीन सप्ताहांतों के आंकड़े रालामंडल में बढ़ते पर्यटन की तस्वीर साफ करते हैं।

1 अगस्त: 1,814 पर्यटक
2 अगस्त: 5,986 पर्यटक
8 अगस्त: 2,046 पर्यटक
9 अगस्त: 4,464 पर्यटक
15 अगस्त: 4,235 पर्यटक
16 अगस्त: 5,222 पर्यटक

इन छह दिनों में कुल 23,767 पर्यटक पहुंचे। खास बात यह है कि 2 अगस्त को फ्रेंडशिप डे के दौरान भी बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचे थे। इसके बाद 16 अगस्त को फिर 5,000 से ज्यादा पर्यटकों ने रालामंडल का रुख किया।

युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक के लिए खास आकर्षण

रालामंडल में अलग-अलग आयु वर्ग के लोगों के लिए घूमने और प्रकृति का आनंद लेने के विकल्प मौजूद हैं। मुख्य प्रवेश द्वार से पहाड़ी की चोटी स्थित शिकारगाह तक पक्का रास्ता बनाया गया है। वहीं, ट्रेकिंग पसंद करने वालों के लिए अलग ट्रेकिंग पाथ भी उपलब्ध हैं।

शिकारगाह तक पहुंचने के लिए जिप्सी की सुविधा है, जबकि डियर पार्क तक जाने के लिए वन विभाग की ओर से बैटरी से संचालित इको-फ्रेंडली गोल्फ कार्ट उपलब्ध कराई गई है। यही सुविधाएं परिवारों और बुजुर्ग पर्यटकों के लिए भी यहां घूमना आसान बनाती हैं।

सामान्य दिनों की तुलना में वीकेंड पर कई गुना भीड़

कामकाजी दिनों में रालामंडल में औसतन करीब 500 पर्यटक प्रतिदिन पहुंचते हैं। इसके मुकाबले शनिवार और रविवार को दो दिनों का आंकड़ा कई बार 7 से 9 हजार के पार पहुंच रहा है। इस बार स्वतंत्रता दिवस के आसपास भी बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचे।

मानसून के साथ जंगल की हरियाली बढ़ने और मौसम सुहाना होने से रालामंडल में पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। आंकड़े बताते हैं कि फिलहाल वीकेंड रालामंडल के लिए पर्यटन का सबसे व्यस्त दौर बन गया है।