CURATED BY – SUNIL YADAV | CITYCHIEFNEWS

कटनी, रीवा से जबलपुर तक जाने वाली इंटर सिटी एक्सप्रेस में सतना से जबलपुर की यात्रा कर रहे एक युवक से कटनी रेलवे स्टेशन के आउटर में बदमाशों में मोबाइल छीनने की वारदात को अंजाम दिया है। मोबाइल छीनने के दौरान युवक का हाथ खींचे जाने से वह नीचे गिर गया और ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।
युवक के साथ यात्रा कर रहे सतना के कुदहरी गांव निवासी मानेन्द्र पिता बाबूलाल कुशवाहा (20) ने बताया कि वह सतना जिले के गणेशपुर क्षेत्र निवासी अपनी मौसी के बेटे सचिन पिता सोमनाथ कुशवाहा (18) के साथ सतना से जबलपुर तक की यात्रा के लिए इंटर सिटी एक्सप्रेस के जनरल कोच में यात्रा कर रहे थे।
इंटर सिटी एक्सप्रेस में भीड़ अधिक होने के कारण सचिन ट्रेन के दरवाजे के पास बैठा था, कटनी स्टेशन पहुंचने के बाद जैसे ही इंटर सिटी एक्सप्रेस कटनी स्टेशन से जबलपुर की ओर रवाना हुई, तभी आउटर में चलती ट्रेन में उसके भाई सचिन से करीब पांच युवकों ने मोबाइल छीनने के लिए उसका हाथ पकड़कर खींच दिया।
जिसके कारण सचिन मोबाइल सहित नीचे गिर गया और ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। हादसा होने के बाद मोबाइल लूटने वाले युवक मोबाइल को रेल ट्रेन में ही छोड़कर भाग गए। मानेन्द्र कुशवाहा ने बताया कि घटना के बाद उसने ट्रेन की चैन खींचकर ट्रेन को रोका और फिर वह वहीं उतर गया। हादसे की सूचना एंबुलेंस को दी।
जिसके बाद मृत हो चुके भाई को वह जिला अस्पताल लेकर पहुंचा। सूचना पर जीआरपी पुलिस जिला अस्पताल पहुंची। जहां पर जीआरपी ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मानेन्द्र कुशवाहा ने बताया जब वह ट्रेन से उतरा था तो उसने अपना बैग भी उतारा था, जो रेलवे ट्रैक पर ही छूट गए।
बैग को भी अज्ञात चोर लेकर भाग गए हैं। उसने बताया कि बैग में खाने की सामग्री थी। वहीं इस पूरे मामले में जीआरपी थाना प्रभारी एलपी कश्यप ने बताया कि ट्रेन से गिरने से एक युवक की मौत हो गई है। मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।