शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल दुपाड़ा में मिशन वात्सल्य अंतर्गत मिशन शक्ति पर कार्यशाला सम्पन्न
कार्यशाला में बालिकाओं को वन स्टॉप सेंटर सहित नारी सुरक्षा, नारी सम्मान एवं गनारी शक्ति पर विस्तृत जानकारी दी गई
CURATED BY – BHAGWAN DAS BERAGI | CITYCHIEFNEWS
शाजापुर, महिला बाल विकास विभाग द्वारा कलेक्टर ऋजु बाफना के निर्देशानुसार पोषण माह अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल दुपाड़ा में मिशन वात्सल्य अंतर्गत मिशन शक्ति पर कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला में पर्यवेक्षक कौशल्या श्रीमाली के द्वारा बालिकाओं को वन स्टॉप सेंटर सहित नारी सुरक्षा, नारी सम्मान एवं गनारी शक्ति पर विस्तृत जानकारी दी गई। पर्यवेक्षक आशा जांगड़े द्वारा बालिकाओं को गुड टच, बैड टच के बारे में बताया गया। साथ ही बालिकाओं को अच्छे खानपान, स्वास्थ्य के बारे में बताया गया। बालिकाओं को पीसीपीएनडीटी एवं पाक्सो एक्ट यानी लैगिंक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई तथा किसी भी हिंसा से पीडि़त महिला डायल 100, 1098 एवं 181 पर संपर्क करें। बालिकाओं को उदिता योजना अंतर्गत माहवारी के समय स्वच्छता रखने एवं सेनेटरी नैपकिन उपयोग करने के फायदे बताए गए। साथ ही बालिकाओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित किया गया। परियोजना अधिकारी पंकजकुमार दवे ने बालिकाओं को पोषण के संबंध में तथा हीमोग्लोबिन खून की कमी के बारे में जानकारी दी। खून की पूर्ति के लिए फल, पालक, हरी सब्जी, टमाटर, अनार, चुकंदर आदि का नियमित सेवन करने की सलाह दी गई। स्कूल प्राचार्य पालीवाल ने कहा कि आयरन की कमी के कारण बालिकाओं में थकान आना, कमजोरी मेहसूस होना, चिड़चिड़ापन होना, पढऩे में मन नही लगना आदि कारण दिखते हैं। ऐसे में बालिकाएं आयरन के प्रति सजक रहें। उन्होने कहा कि हीमोग्लोबिन का प्रतिशत 12 प्रतिशत से 14 प्रतिशत के बीच में होना चाहिए, इसका विशेष ध्यान रखें। कार्यक्रम में स्कूल स्टॉफ, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं स्कूल की बालिकाएं उपस्थित थीं।