CURATED BY – BHAGWAN DAS BERAGI | CITYCHIEFNEWS

शाजापुर। सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र के लिए आज रविवार को करवा चौथ का व्रत रखकर चंद्रमा को जल चढ़ाकर पूजा-अर्चना करेंगी। सुहागिनों के इस खास पर्व के एक दिन पूर्व शनिवार को बाजार में महिलाओं की भारी भीड़ खरीदी के लिए उमड़ पड़ी। करवा चौथ के लिए महिलाओं ने करवों के साथ ही सोलह श्रंगार के सामान की भी जमकर खरीदी की। करवा चौथ के व्रत के लिए महिलाओं ने विशेषकर आकर्षक कुंदन और मोती से जड़े परिधानों की खरीदी की। साथ ही रंग-बिरंगी कांच की चूडिय़ां, मेंहदी, काजल, बिंदिया की भी खूब ग्राहकी हुई। उल्लेखनीय है कि आज करवा चौथ का व्रत है। मान्यतानुसार इस व्रत के करने से पति की आयु दीर्घायु होती है और उस पर आने वाले सभी संकट टल जाते हैं। इसी परंपरा और विश्वास के चलते महिलाएं निर्जला रहकर व्रत करेंगी और रात को छलनी में दीपक रखकर चांद के साथ अपने पति की पूजा करेंगी।
जमकर हुई करवों की खरीदी
गौरतलब है कि करवा चौथ की पूजा में मिट्टी से बने करवों का विशेष महत्व है, जिसके चलते करवों की खरीदी को लेकर शनिवार को बाजार गुलजार रहे। हालांकि बाजार में रौनक तो दशहरे के बाद से ही बनी हुई है, लेकिन करवा चौथ को लेकर महिलाओं की भीड़ दुकानों पर अधिक दिखाई दी। महिलाओं ने रंग-बिरंगी साडिय़ां और लहंगों की खरीदी की। सबसे ज्यादा महिलाओं की भीड़ चूड़ी दुकान और कपड़ों की दुकान पर दिखाई दी। इसीके साथ छलनी और करवे भी महिलाओं के द्वारा जमकर खरीदे गए जिसके चलते सुबह से लेकर शाम तक बाजार में चहल-पहल बनी रही। महूपुरा नदी पर करवों की पारंपरारिक दुकानें लगाई गईं, जहां से शहरी क्षेत्र की महिलाओं के साथ ही ग्रामीण अंचलों की महिलाओं ने भी श्रंगार सामग्री की खरीदी की।