CURATED BY - RAHUL RAIKWAR | CITYCHIEFNEWS

छतरपुर, विकास में रिवर्स गियर लगाने वाली कांग्रेस को सत्ता से दूर रखना है। विकास योजनाओं को लटकाना, भटकाना, अटकाना कांग्रेस का नेचर है। क्योंकि देश में जहां-जहां कांग्रेस आई वहां तबाही ही लाई है। बुंदेलखंड को बूंद-बूंद पानी के लिए तरसाने वाली कांग्रेस को सौ साल सत्ता के लिये तरसवा दो, इसलिये बुदेलखंड के हर बूथ पर कमल खिलना चाहिये। ये बात प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में शहर के बाबूराम चतुर्वेदी स्टेडियम में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कही है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार को दूसरी बार छतरपुर के स्टेडियम में आमसभा को संबोधित करने आए थे। वे दोपहर एक बजे भीड से खचाखच भरे स्टेडियम में पहुंचे और स्वागत की औपचारिकता बिना लोगों को संबोधित करना शुरू कर दिया। प्रधानमंत्री ने एक ओर कांग्रेस पर हमला जारी रखा तो बीच बीच में खुद की सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याण की योजनाओं को भी बताया। उन्होंने कहा मोदी ने हर गरीब को पक्के आवास की गारंटी दी है। तीन दिसंबर को एमपी में फिर भाजपा की सरकार बनेगी, फिर गरीबों को घर देने का काम तेजी से होगा। उन्होंने कहा गरीबों को मुफ्त राशन देने की योजना दिसम्बर में खत्म नहीं होगी, इसे पांच साल के लिए और बढ़ाएंगे। भाजपा के समर्थन में सभा करने आए प्रधानमंत्री श्री मोदी के साथ मंच पर छतरपुर जिले की सभी छः विधानसभाओं सहित पन्ना की तीन, टीकमगढ की तीन और निवाडी की दो विधानसभा सीटों के भाजपा प्रत्याशी बैठे हुए थे। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने लोगों से कहा मेरा आप सभी से एक छोटा सा काम है उसे करोगे, अपने घरों में जाकर कहना मोदी जी ने राम.राम भेजा है। वह वहीं से मुझे आशीर्वाद के रूप में ताकत देंगे। यही ताकत मुझे काम करने का हौसला और ताकत देगी। मध्य प्रदेश में भाजपा लाकर कमल को मजबूत कीजिये।

कांग्रेस पर किये तीखे प्रहार

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस को आडे हाथों लेकर तीखे प्रहार किये। उन्होंने कहा बुंदेलखंड में केन बेतवा नदियां पहले भी थीं। पहले कांग्रेस की सरकार थी लेकिन केन बेतवा परियोजना के लिए मोदी को ही क्यों आना पड़ा। 45 हजार करोड रुपये खर्च करके इन नदियों को जोडने वाली परियोजना से इस पूरे क्षेत्र का कायाकल्प होने वाला है, इस क्षेत्र की जनता को अब पानी के लिये नहीं तरसना पडेगा। इसलिये सत्ता के लिए तरसने वाली कांग्रेस को पता चलना चाहिये कि बिना पानी के तरसना क्या होता है। बुदेलखंड के लोगों को बूंद-बूंद पानी के लिये तरसाने वाली कांग्रेस को सौ साल सत्ता के लिये तरसवा दो। उन्होंने कहा हर अच्छे काम में रोडे अटकाने वाली कांग्रेस सुशासन को कुशासन में बदलने में माहिर है, भले ही देष को कितना भी नुकसान उठाना पडे। कांग्रेस हर उस काम का विरोध करती है जिनसे देश आगे बढ रहा है। कांग्रेस ने महिला आरक्षण कानून को अटकाकर रखा, ओबीसी कमीशन को संवैधानिक दर्जा नहीं देने दिया, जब सामान्य वर्ग के गरीबों को दस प्रतिशत आरक्षण देने की बात आई तो कांग्रेस ने इसमें भी भ्रम फैलाया, आयोध्या में राम मंदिर निर्माण का विरोध करने वाली कांग्रेस ने तो राम को ही काल्पनिक बता दिया। इतना ही नहीं जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाने का विरोध किया। स्वार्थ पूरा न होने से हर अच्छे काम का विरोध करने वाली कांग्रेस से सावधान रहने की जरूरत है। ये बात जान लीजिये कांग्रेस को अटकाना, लटकाना, भटकाना आता है। इन्हें केवल वोट की फसल काटना आती है। कांग्रेस वाले जब चांद सूरज लाने वाले वादे करें तो समझ लेना कुछ तो गडबड है, जहां-जहां कांग्रेस आई वहां तबाही लाई है। कांग्रेस के पंजे से आपको खुद को और मध्य प्रदेश को बचाना है।