बारिश से खेतों में जमा हुआ पानी
सोयाबीन फसल पर मंडराया संकट
CURATED BY – BHAGWAN DAS BERAGI | CITYCHIEFNEWS
शाजापुर, आसमान से लगातार बरस रहे बादलों ने किसानों के लिए परेशानी खड़ी कर दी है, क्योंकि इन दिनों सोयाबीन की फसल खेतों में कटी हुई पड़ी है और बारिश होने से उसमें नुकसान का अंदेशा है। ऐसे में किसानों ने एक बार फिर मुआवजे की मांग की है। वहीं भारतीय किसान संघ प्रशासन को ज्ञापन सौंपेगा। गौरतलब है कि विगत दो दिनों से बारिश रूक-रूककर जारी है जिसकी वजह से सोयाबीन फसल के लिए संकट खड़ा हो गया है। किसानों का कहना है कि सोयाबीन की फसल पूरी तरह से पक गई है और उसकी कटाई कर खेतों में पटक रखा है। दो दिनों से हो रही बारिश की वजह से फसल में नुकसान हुआ है। शाजापुर तहसील के ग्राम खोरिया नायता में खेतों में पानी भरा हुआ है। भारतीय किसान संघ के मुकेश पाटीदार ने बताया कि बारिश से फसलों में नुकसान को लेकर सोमवार को कालापीपल, गौलाना, अवंतीपुर बड़ोदिया, शुजालपुर तहसील केंद्रों पर ज्ञापन सौंपा जाएगा और फसल का सर्वे कर मुआवजा राशि दिए जाने की मांग की जाएगी।
चीलर बांध में 22 फीट पानी जमा
मानसून की विदाई से पहले बरस रहे बादलों ने जहां फसलों के लिए संकट खड़ा कर दिया है तो वहीं कई सूखे पड़े जलाशयों को लबालब होने की कगार पर भी पहुंचा दिया है। आसमान से रूक-रूककर बरस रहे बादलों की वजह से रविवार को शाजापुर के ग्राम सांपखेड़ा स्थित चीलर बांध का जल स्तर भी तेजी से बढ़ा है और यह बढक़र 22 फीट पर पहुंच गया है। यदि आगामी दिनों में दोबारा बारिश की झड़ी लगती है तो बांध का वेस्टवेयर शुरू हो जाएगा और इस नजारे को निहारने के लिए लोगों को हुजुम उमड़ पड़ेगा।
कृषक 72 घंटे के अंदर फसल नुकसान की शिकायत दर्ज कराएं
किसान कल्याण एवं कृषि विकास उपसंचालक द्वारा शाजापुर जिले के किसानों से अनुरोध किया गया है कि जिले में विगत और वर्तमान समय में हुई बारिश के कारण फसल नुकसान होने पर नुकसान की जानकारी 72 घंटे के अंदर कृषि फसल बीमा कंपनी भोपाल के कृषि रक्षक पोर्टल एवं हेल्पलाइन नंबर 14447 पर सूचना देते समय अपना आधार कार्ड एवं बैंक खाता क्रमांक साथ रखें।
24 घंटों में 25.4 मिमी औसत वर्षा
जिले में गत दिवस से रविवार सुबह 8 बजे तक 25.4 मिमी औसत वर्षा दर्ज हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार सर्वाधिक वर्षा तहसील कालापीपल में 69 मिमी हुई है। इसी तरह तहसील शाजापुर में 28 मिमी, मो. बड़ोदिया में 4 मिमी, शुजालपुर में 27 मिमी, गुलाना में 18 मिमी, पोलायकलां में 20 मिमी एवं अवंतिपुर बड़ोदिया में 12 मिमी वर्षा हुई है। 01 जून 2024 से अब तक शाजापुर में 971 मिमी, मो बड़ोदिया में 943 मिमी, शुजालपुर में 906 मिमी, कालापीपल में 1172 मिमी, गुलाना में 727 मिमी, पोलायकलां में 560.9 एवं अंवतिपुर बड़ोदिया में 832 मिमी। इस प्रकार कुल 873.1 मिमी औसत वर्षा हुई है। जिले में इस वर्षाकाल के दौरान अब तक सामान्य वर्षा 987.7 मिमी में से 114.6 मिमी कम वर्षा हुई है।