गोपालगंज, बिहार के गोपालगंज जिले में असामाजिक तत्वों ने धार्मिक स्थल का निशाना बनाया है और मंदिर में तोड़फोड़ की है. घटना कटेया थाना क्षेत्र के जयसौली गांव की है, जहां असामाजिक तत्वों ने एक बार फिर धार्मिक स्थल पर तोड़फोड़ की. घटना के बाद गांव में ग्रामीण गुस्से में हैं. वहीं, घटनास्थल पर हथुआ एसडीएम और एसडीपीओ ने पहुंचकर जांच की है. फिलहाल स्थिति सामान्य है. लेकिन, पुलिस की तकनीकी टीम भी पहुंच कर मोबाइल टावर लोकेशन के आधार पर असामाजिक तत्वों की पहचान करने में जुटी है.
बताया जाता है कि थाना क्षेत्र के जयसौली गांव स्थित धार्मिक स्थल पर मंगलवार की शाम पूजा करने के बाद ग्रामीण घर चले आए. देर रात असामाजिक तत्वों ने यहां घुसकर प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया. वहीं, अन्य प्रतिमाओं को तोड़कर खंडित कर दिया व चांदी की प्रतिमा को हवन कुंड में ले जाकर लकड़ी से जला दिया था. घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण धार्मिक स्थल पर पहुंच गए. ग्रामीणों ने तत्काल धार्मिक आस्था पर ठेस पहुंचाने वाले असामाजिक तत्वों को चिह्नित कर अविलंब गिरफ्तारी की मांग किये हैं.
पहले भी की गयी थी तोड़फोड़
बताया जाता है कि इसके पहले भी जयसौली गांव के इस धार्मिक स्थल पर 12 जुलाई 2021 को भी प्रतिमा को खंडित कर तोड़फोड़ की गयी थी, जिसको लेकर कटेया थाने में कांड संख्या 251/2021 के तहत प्राथमिकी भी कराई गई थी. पुलिस ने प्राथमिकी तो दर्ज कर ली, लेकिन इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर पायी. लोगों का कहना था कि इससे असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ गया और उन्होंने इस धार्मिक स्थल पर फिर उसी तरह की घटना को अंजाम दिया. ग्रामीणों में घटना को लेकर गुस्सा दिख रहा है.
वहीं, डीएम प्रशांत कुमार सीएच और एसपी अवधेश दीक्षित ने इसे गंभीरता से लिया है. डीएम ने कहा कि धार्मिक स्थल पर तोड़फोड़ को लेकर अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. दोषियों की पहचान को लेकर कार्रवाई की जा रही है. जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार किया जायेगा.