पटना। बिहार सरकार ने पुलिस प्रशासन में व्यापक स्तर पर फेरबदल करते हुए 27 आईपीएस अधिकारियों समेत कुल 29 पुलिस पदाधिकारियों के तबादले किए हैं। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा किए गए इस प्रशासनिक बदलाव के तहत राज्य के 13 जिलों में नए पुलिस अधीक्षकों (एसपी) की नियुक्ति की गई है। गृह विभाग ने गुरुवार देर रात इसकी अधिसूचना जारी की।

जिन जिलों में नए पुलिस कप्तानों की तैनाती की गई है उनमें पश्चिम चंपारण (बेतिया), औरंगाबाद, बांका, शेखपुरा, बगहा, वैशाली, कैमूर, सहरसा, खगड़िया, कटिहार, जहानाबाद और शिवहर शामिल हैं। वहीं पूर्णिया जिले को नया वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मिला है।

राजधानी पटना में भी पुलिस नेतृत्व में बड़ा बदलाव किया गया है। पटना के पूर्वी, पश्चिमी और मध्य—तीनों नगर पुलिस अधीक्षकों को बदला गया है। इसके अलावा भागलपुर और गया में नए नगर एसपी की नियुक्ति की गई है, जबकि गया और दरभंगा में नए ग्रामीण एसपी तैनात किए गए हैं।

गृह विभाग की अधिसूचना के अनुसार, खगड़िया के तत्कालीन एसपी राकेश कुमार को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बीसैप)-5, पटना का समादेष्टा बनाया गया है। वहीं कैमूर के एसपी रहे हरिमोहन शुक्ला को बीसैप-7, कटिहार का नया समादेष्टा नियुक्त किया गया है।

  रामानंद कौशल को अतिरिक्त जिम्मेदारी  

शेखपुरा के एसपी रहे बलिराम कुमार चौधरी को विशेष शाखा में एसपी सुरक्षा का दायित्व सौंपा गया है। औरंगाबाद के एसपी अम्बरीष राहुल को बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर में सहायक निदेशक नियुक्त किया गया है। रामानंद कौशल को सीआईडी में एसपी बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई के एसपी का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। चंद्र प्रकाश को बीसैप-10, पटना का समादेष्टा बनाया गया है।

  मनोज राम को सिपाही प्रशिक्षण विद्यालय की कमान  

जहानाबाद के एसपी अपराजित को बीसैप-16, पटना का समादेष्टा नियुक्त किया गया है। पूर्णिया की एसपी स्वीटी सहरावत को विशेष शाखा में एसपी की जिम्मेदारी दी गई है। बिहार पुलिस सेवा के अधिकारी मनोज राम को सिपाही प्रशिक्षण विद्यालय, नाथनगर का प्राचार्य बनाया गया है। वहीं बिहार पुलिस सेवा की अधिकारी ममता कल्याणी को पटना मध्य की एसपी नियुक्त किया गया है।

    इन जिलों में बने नए एसपी/एसएसपी

  कुमार गौतम – बेतिया एसपी
  उपेंद्र नाथ वर्मा – औरंगाबाद एसपी
  अमितेश कुमार – बांका एसपी
  शौर्य सुमन – पूर्णिया एसएसपी
  हिमांशु – शेखपुरा एसपी
  राजेश कुमार – बगहा एसपी
  शुभांक मिश्रा – वैशाली एसपी
  शिखर चौधरी – कैमूर एसपी
  विक्रम सिहाग – सहरसा एसपी
  भानु प्रताप सिंह – खगड़िया एसपी
  परिचय कुमार – कटिहार एसपी
  कोटा किरण कुमार – जहानाबाद एसपी
  शैलेन्द्र सिंह – शिवहर एसपी

    नए नगर एवं ग्रामीण एसपी

  शैलजा – पटना पूर्वी एसपी
  संकेत कुमार – पटना पश्चिमी एसपी
  ममता कल्याणी – पटना मध्य एसपी
  अतुलेश झा – भागलपुर नगर एसपी
  अभिनव – गया नगर एसपी
  दिव्यांजलि जायसवाल – गया ग्रामीण एसपी
  साक्षी कुमारी – दरभंगा ग्रामीण एसपी

राज्य सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा पुलिसिंग व्यवस्था में नई ऊर्जा लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।