CURATED BY – BHAGWAN DAS BERAGI | CITYCHIEFNEWS

शाजापुर, सामने से आ रही बाइक को बचाने में मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर नहर में जा पलटी। इस घटना में दो महिला मजदूर सहित चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को सोयाबीन काटने जा रहे मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्राली दुपाड़ा रोड पर बाइक को बचाने में नहर में जा गिरी। घटना में ट्रैक्टर-ट्राली में सवार ताराबाई पति चंदूलाल, सुगनबाई पति कैलाशचंद्र निवासी महूपुरा और हरणगांव निवासी ट्रैक्टर चालक भगवानसिंह घायल हो गए। घायलों को उपचार हेतु शाजापुर जिला अस्पताल लाया गया जहां से हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद भगवानसिंह को इंदौर रैफर किया गया। वहीं घायल महिलाओं का शाजापुर अस्पताल में उपचार जारी है। ट्रैक्टर-ट्राली में करीब 11 मजदूर सवार थे, जिनमें चालक सहित तीन लोग घायल हुए हैं।