वर्चस्व की लड़ाई में दहला बिहार का यह जिला
SP ने खुद संभाली कमान, भारी मात्रा में हथियार बरामद
सासाराम, सासाराम से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां नगर थाना क्षेत्र के तकिया में जमीनी विवाद में आपसी वर्चस्व को लेकर दो पक्षों में जमकर फायरिंग हुई। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर 15 से अधिक लोगों को हिरासत में ले लिया है। साथ ही लड़ाई में उपयोग किए गए कई हथियार भी बरामद किए हैं। इस छापेमारी में रोहतास के एसपी रौशन कुमार खुद भी शामिल थे। देर रात तक चली इस छापेमारी से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। एसपी ने इस दौरान कई घरों तथा प्रतिष्ठानों में से हथियार बरामद किए, साथ ही कई लोगों को पकड़ा भी है।
बताया जाता है कि जमीन की खरीद-बिक्री को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था। जिसको लेकर कल शाम आपस में ही पंचायत बुलाई गई थी। इसमें कई लोग शामिल हुए थे। इस दौरान बात बिगड़ गई तथा दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते हुए मारपीट पर उतारू हो गए। बाद में स्थिति काफी ज्यादा बिगड़ गई और बात फायरिंग तक पहुँच गई।
इस वारदात की सूचना मिलते ही सासाराम नगर थाना की पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और वहां हंगामा कर रहे लोगों को खदेड़ दिया। साथ ही लगातार छापेमारी कर कई हथियार भी बरामद किए गए। बता दें कि देर रात तक यह कार्रवाई चलती रही। रोहतास के एसपी रौशन कुमार ने बताया है कि जल्द ही पुलिस पूरी कार्रवाई की सूचना मीडिया के साथ साझा करेगी।
ज्ञात हो कि इस तरह के मामले प्रदेश में आजकल खूब देखने को मिल रहे हैं, कहीं ना कहीं पुलिस को जरुरत है कि वह ऐसे असामाजिक तत्वों के मन में अपना खौफ पैदा करे, ताकि ऐसे लोग गलती से भी उत्पात मचाने की चेष्टा ना करें, जब तक प्रशासन ऐसे मामलों में बेहद सख्ती नहीं दिखाएगी तब तक अपराध का यह दौर ऐसे ही जारी रहेगा।