यह देश सनातनियों का, हिन्दू राष्ट्र हमारा मौलिक अधिकार
पुरी के शंकराचार्य ने मैहर के केजेएस निवास में आयोजित धर्मसभा में एक बार फिर दोहराई हिन्दू राष्ट्र की मांग
CURATED BY – SHREE NIWAS MISHRA | CITYCHIEFNEWS
सतना, पुरी के शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती ने कहा है कि यह देश सनातनियों का है और हिन्दू राष्ट्र उनका मौलिक अधिकार है । मैहर में केजेएस सीमेंट के आवासीय परिसर में कल से आरंभ दीक्षा , गोष्ठी एवं धर्मसभा कार्यक्रम में गोवर्धन पीठ पुरी के शंकराचार्य ने धर्म , विज्ञान और कई धार्मिक मान्यताओं पर श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन किया । उन्होंने कहा कि असल में एक एक्सीडेंटल हिंदू के देश का प्रथम प्रधानमंत्री बनने से शुरुआत से ही गड़बड़ हो गई अन्यथा ऐसे हालात नहीं होते । प्रधानमंत्री बनते ही नेहरू ने कहा था कि वह एक्सीडेंटल हिंदू हैं । उनके इस कथन से राष्ट्र विरोधी धर्मों को संजीवनी मिली ।
सभी के पूर्वज सनातनी , वैदिक , आर्य , हिंदू थे
निश्चलानंद जी ने कहा कि हिंदू एक वैज्ञानिक जीवन शैली है जिसने हमेशा मानवता का पाठ पढ़ाया है । हमें स्वयं सनातनी परंपरा का पालन कर लोगों के बीच इसका प्रचार प्रसार करना होगा । यह देश केवल सनातनियों का है जो सनातन धर्म को नहीं मानता उसका जीवन खतरे में हैं । सच्चाई तो यह है कि सभी के पूर्वज सनातनी वैदिक आर्य हिंदू थे । मुहम्मद साहब एवं ईसा मसीह के पूर्वज भी सनातन समुदाय में से थे । यह एक विशाल वटवृक्ष था जिसकी शाखाएं कटते - करते यह केवल इस देश में सिमट कर रह गया है ।
सहभागिता के बिना सब अधूरा
पुरी के 145 वें शंकराचार्य निश्चलानंद जी ने उपस्थित लोगों के धार्मिक और सामाजिक मसलों पर उनके समाधान दिए । उन्होंने कहा कि सहभागिता के बिना सब अधूरा है । एक सवाल के जबाब में शंकराचार्य जी ने कहा कि प्रबल पौरुष के द्वारा प्रतिकूल प्रारब्ध को भी दबाया जा सकता है । समाज में फैल रही विकृतियों के संबंध में उन्होंने कहा कि विकृति की पराकाष्ठा पर नियंत्रण से ही हमारे समाज के लोगों की योग्यता प्रकट होगी । मठ - मंदिरों को शिक्षा , रक्षा और निष्ठा का केंद्र बनना होगा । इसके लिए हमेशा अलख जगाई जाती है । शंकराचार्य ने कहा कि जो जिसमें विरक्त हो जाता है वह उसका अधिपति बन जाता है और जितना उसमें अनुरक्त हो जाता है उतना उसका अधीन बनते जाता है।
शंकराचार्य जी के आशीर्वाद का लिया पुण्य लाभ
केजेएस सीमेंट के चेयरमैन पवन अहलूवालिया ने आज धर्म सभा में सपरिवार उपस्थित दर्ज कराई और शंकराचार्य जी के आशीर्वाद का पुण्य लाभ लिया । विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी , भाजपा जिलाध्यक्ष कमलेश सुहाने , आदर्श चतुर्वेदी , विकास तिवारी आदि भी सदल बल उपस्थित रहे और शंकराचार्य जी के प्रवचनों का श्रवण किया । विधायक ने पादुका पूजन भी किया।