दीपावली पर्व पर होगी जमकर आतिशबाजी
पटाखा दुकानों पर खरीदी के लिए उमड़ी भीड़
CURATED BY – BHAGWAN DAS BERAGI | CITYCHIEFNEWS
शाजापुर, दीपोत्सव पर्व पर जमकर आतिशबाजी कर अमावस्या के अंधेरे में उत्साह की रोशनी फैलाई जाएगी और इसको लेकर लोगों ने अपनी सहुलियत के मुताबिक विभिन्न प्रकार के पटाखों की खरीदी भी कर ली है। गौरतलब है कि इस वर्ष पटाखा दुकानें शहर से दूर बापू की कुटिया के समीप लगाई गई हैं, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में ग्राहक पटाखा बाजार पहुंचे और दीपोत्सव पर आतिशबाजी करने के लिए तरह-तरह के पटाखों की जमकर खरीदी की। पटाखा व्यापारियों ने बताया कि दीपावली के एक दिन पूर्व ग्राहकों की भीड़ बढ़ी और बाजार गुलजार हो गया। पटाखों में इस वर्ष भी बच्चों की पसंद का विशेष ध्यान रखा गया है और उनके लिए विभिन्न वैरायटी की फूलझड़ी, रस्सी, चकरी, अनार, हेलीकॉप्टर मौजूद हैं। साथ ही व्यस्कों के लिए अनार बम, सुतली बम, चॉकलेटी बम, रॉकेट सहित अन्य आतिशबाजी का सामान उपलब्ध है।
आज रोशन होगा आकाश
प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी दीपावली का त्यौहार शहर में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा और इसको लेकर जहां दुकानें और मकानों पर आकर्षक साज-सज्जा की जा चुकी है तो वहीं अमावस्या की काली रात को आतिशबाजी की रोशनी से रोशन करने के लिए पटाखों की खरीदी की जा रही है। बच्चों के लिए फूलझड़ी, डोरेमोन चकरी, तड़तड़ी, टिकली सहित अन्य आतिशबाजी की सामग्री पटाखा व्यापारियों के पास उपलब्ध है। बच्चों में खासकर डोरेमोन और तितली छाप चकरी की खरीदी को लेकर उत्साह दिखाई दे रहा है।