कटनी में 125 साल पुराने श्री चंद्रप्रभ दिगम्बर जैन मंदिर में हुई चोरी
दान पेटी सहित अन्य सामान लेकर हुए रफ़ुचकर
CURATED BY – SUNIL YADAV | CITYCHIEFNEWS
कटनी, शहर के हृदयस्थल झंडा बाजार स्थित 125 साल पुराने श्री चंद्रप्रभ दिगम्बर जैन मंदिर में रविवार की रात अज्ञात ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर के बाजू में स्थित एक मकान से सीढिय़ों के सहारे मंदिर की छत पर पहुंचे और लोहे की रॉड को उखाडक़र मंदिर के अंदर घुसे। यहां से दान पेटी सहित अन्य सामान पार कर दिया।
जैन मंदिर में चोरी की वारदात से सनसनी फैल गई। खबर लगते ही बड़ी संख्या में जैन समाज के लोग यहां पहुंचे। वारदात को लेकर लोगों को रोष देखा गया। सूचना मिलते ही कोतवाली टीआई आशीष शर्मा भी पुलिस बल के साथ मंदिर पहुंचे। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को भी बुलाया गया। डॉग स्कवाड ने मंदिर के चप्पे-चप्पे पर जाकर जांच पड़ताल की। सीसीटीव्ही फुटेज में चोर सीढिय़ों से मंदिर के अंदर आते हुए दिखे हैं। जिसकी जांच की जा रही है। फुटेज के मुताबिक देर रात चोर मंदिर के अंदर घुसे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। जैन समाज के लोगो ने बताया की रोज की तरह रविवार की रात साढ़े 9 बजे मंदिर बंद हो चुका था और जैन समाज के लोग अपने-अपने घर जा चुके थे। इसी दौरान रात में दो अज्ञात चोर दिगम्बर जैन बोर्डिंग हाऊस के सामने डॉ. समीर चौधरी के घर के पिछले हिस्से की तरफ लगे दरवाजे को तोडक़र ऊपर पहुंचे। बताया जाता है कि सीढिय़ों से होते हुए अज्ञात चोर डॉ. समीर चौधरी के घर की छत पर पहुंचे और यहां रखी सीढ़ी से चंद्रप्रभ दिगम्बर जैन मंदिर की छत पर पहुंचे। यहां मंदिर के डोम पर लगे कांच को तोडक़र उन्होंने लोहे के कटर से रॉड को तोड़ा और घंटे की जंजीर के सहारे मंदिर के अंदर पहुंचे। यहां पर एक लोहे की दान पेटी रखी हुई थी। चोरों ने दान पेटी उठाई और मंदिर में रखा अन्य सामान लेकर फरार हो गए। मंदिर की छत पर गंदगी भी पाई गई, इसके अलावा कपड़े और शराब की बोतल भी मिली है।