आज शहर में गूंजेंगे दानवों के अट्टाहस
शहर में निभाई जाएगी 270 वर्ष प्राचीन परंपरा
CURATED BY - BAGHWAN DAS BERAGI | CITYCHIEFNEWS
शाजापुर, शहर में आज दानव तलवारें लहराते और डरावने अट्टाहस करते निकलेंगे, जिन्हें देखकर कोई भयभीत होगा तो कोई उनके सुर में सुर मिलाएगा। यही नहीं शहर में देवता भी नजर आएंगे जिनके बीच घमासान युद्ध होगा। खास बात यह है कि इस युद्ध में खून की नदियां नहीं बल्कि हंसी के फव्वारे छूटेंगे जो शहरवासियों को आनंदित करेंगे।
दरअसल शहर में बुधवार को कंस दशमी का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। जिसमें शहर के कलाकार देव और दानवों के भेष में अपनी भूमिका का निर्वहन करेंगे। कंस वधोत्सव समिति संयोजक तुलसीराम भावसार ने बताया कि आयोजन की शुरूआत रात 8.30 बजे बालवीर हनुमान मंदिर से चल समारोह के रूप में होगी। जो कंस चौराहा, मगरिया, बस स्टैंड, गवली मोहल्ला पहुंचेगा जहां देवता और दानवों के बीच वाक्युद्ध होगा। जिसमें दोनो ही वर्तमान परिप्रेक्ष्य को लेकर अपने-अपने मजेदार संवाद से लोगों का मनोरंजन करेंगे। वाक्युद्ध के बाद चल समारोह आजाद चौक पहुंचेगा और यहां भी देवता और दानवों के बीच वाक्युद्ध होगा। इसके बाद चल समारोह सोमवारिया बाजार पहुंचेगा और यहां भी देवता और दानव आपस में वाक्युद्ध करेंगे। इसके बाद भगवान श्री कृष्ण बने कलाकारों द्वारा कंस का वध किया जाएगा और गवली समाज के युवाओं द्वारा कंस के पुतले को घसीटते हुए अपने साथ ले जाएंगे।
ये निभाएंगे देवता और दानवों की भूमिका
संयोजक श्री भावसार ने बताया कि दानवों की टोली में विलेश व्यास, महेंद्र पंवार, सुनील बाबा, गौरव दुबे, नवीन वशिष्ठ, राजेश झगड़ी होगे जो देवताओं से वाक्युुद्ध करेंगे, जिनका जवाब देने के लिए देवताओं की टोली में राजकुमार पांडे, ऋषभ भट्ट, ऋषिकेश भट्ट सहित अन्य कलाकार होंगे।
शहर में निभाई जाएगी 270 वर्ष प्राचीन परंपरा
संयोजक श्री भावसार ने बताया कि गोवर्धननाथ मंदिर के मुखिया स्व. मोतीराम मेहता ने करीब 270 वर्ष पूर्व मथुरा में कंस वधोत्सव कार्यक्रम होते देखा और फिर शाजापुर में वैष्णवजन को अनूठे आयोजन के बारे में बताया। इसके बाद से ही परंपरा की शुरुआत हो गई। करीब 100 वर्ष तक मंदिर में ही आयोजन होता रहा किंतु जगह की कमी के चलते इसे नगर के चौराह पर जिसे अब कंस चौराह नाम दिया जा चुका है पर किया जाने लगा। जिसमें शहर ही नहीं बल्कि शाजापुर जिले सहित आसपास के जिलों के लोग भी इसमें शामिल होंगे।