कम हुआ सर्दी का सितम, आसमान पर डला बादलों का डेरा
कुछ इसी तरह के बने रहेंगे मौसम के तेवर, बारिश के भी आसार
शाजापुर, पिछले करीब एक सप्ताह से सर्दी का सितम झेल रहे शहरवासियों के लिए शुक्रवार का दिन राहत भरा रहा और इस दिन दिन और रात के तापमान में वृद्धि हुई और हवाओं ने भी शहर से विदाई ले ली। इसके अलावा आसमान पर भी दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही। जिससे मौसम सर्द से नर्म हो गया। मौसम विभाग की माने तो कुछ दिनों तक मौसम के यही हाल रहेंगे। वहीं बारिश की भी संभावना है।
इसके पूर्व गुरूवार तक सर्दी ने लोगों पर सितम ढाना जारी रखा, जिसके चलते न दिन में और न ही रात में सर्दी से राहत मिल रही थी। उल्टा लोगों को दिनभर गर्म कपड़ों और अलाव के सहारे गुजारना पड़ रहा था। गुरूवार रात से मौसम में बदलाव शुरू हुआ और सर्द मौसम के तेवर नर्म पड़ गए। गुरूवार को शहर का अधिकतम तापमान 25.6 था जो शुक्रवार को बढ़कर 26.2 तक पहुंच गया। जबकि रात का तापमान 6.3 से बढ़कर 9.3 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम पर्यवेक्षक सत्येंद्र धनोतिया ने बताया कि आगामी दिनों मे तापमान ऐसा ही रहेगा जो 1 या दो डिग्री बढ़ भी सकता है। इसके बाद 25 से 27 तक हल्के व मध्यम बादल भी छाएंगे। उन्होंने बताया कि बारिश भी हो सकती है हालांकि इसकी संभावना काफी कम है।
हवाओं का दौर थमते ही मिली राहत
शहरवासी लगातार सर्दी से ठिठुर रहे थे, जिनके लिए तेज गति से बह रही शीतलहर परेशानी पैदा कर रही थी। यही वजह थी कि लोगों को धूप में भी सर्दी से राहत नहीं मिल पा रही थी। शुक्रवार को हवाओं का दौर थम गया और धूप में भी तेजी रही जिससे लोगों को दिन में गर्मी का एहसास हुआ। तो रात में हल्की सर्दी का एहसास हुआ।