पटना, पटनासिटी में अपराधियों का कहर कम होने का नाम नहीं ले रहा है. अपराधियों द्वारा आए दिन आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है बावजूद इसके पुलिस इन घटनाओं को रोक पाने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है. ताजा मामला मालसलामी थानाक्षेत्र के रेलवे लाइन के पास का है, जहां देर रात हथियारबंद अपराधियों ने एक होटल संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी. आनन-फ़ानन में गंभीर रूप से घायल होटल संचालक को इलाज के लिए एनएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

घटना के बाद सिटी डीएसपी 2 डॉक्टर गौरव कुमार, एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच की. पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा और दो पिलेट भी बरामद किया है.  मृतक की पहचान मालसलामी थाना क्षेत्र के रेलवे गुमटी निवासी विश्वनाथ प्रसाद के 40 वर्षीय पुत्र संतोष प्रसाद के रूप में की गई है.

देखते ही देखते मारी 3 से 4 गोली

बताया जाता है कि संतोष प्रसाद अपने होटल में बैठे थे. इसी दौरान दो की संख्या में हथियारबंद अपराधी होटल पर आ धमके और देखते ही देखते संतोष प्रसाद को तीन-चार गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. सिटी डीएसपी 2 डॉ गौरव कुमार की माने तो मृतक संतोष प्रसाद आपराधिक चरित्र का युवक था और उस पर मालसलामी थाने में कई आपराधिक मामले दर्ज थे. मृतक संतोष प्रसाद आपराधिक मामलों में पूर्व में जेल भी जा चुका था.

CCTV खंगालने में जुटी पुलिस

सिटी डीएसपी 2 ने आपसी रंजिश में हत्या की आशंका जताते हुए जल्द ही पूरे मामले का उद्भेदन कर लिए जाने का भरोसा दिलाया है. फिलहाल पुलिस अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी को लेकर आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगालने में जुटी है.