Curated by – NAVIN MEHAR | CITYCHIEFNEWS

बदनावर, मध्यप्रदेश के औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री व क्षेत्रीय विधायक राजवर्धनसिंह दत्तीगांव को भाजपा प्रत्याशी बनाए जाने की घोषणा होते ही समूचे क्षेत्र में कार्यकर्ताओ में खुशियां देखी गई।  बस स्टैंड पर आतिशबाजी कर मिठाई बांटी गई। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे। पार्टी के विधानसभा संयोजक मोहनसिंह चौहान व नगर भाजपा अध्यक्ष अक्षय शर्मा ने संगठन के निर्णय का स्वागत करते हुए भाजपा की जीत का दावा किया।

सोमवार शाम को भाजपा ने चौथी लिस्ट जारी कर मध्यप्रदेश के 57 प्रत्याशीयो के नाम घोषित किए। जिसमे बदनावर से दत्तीगांव को पार्टी ने अपना प्रत्याशी बनाकर मैदान में उतारा है। दत्तीगांव भाजपा की ओर से दुसरी बार विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। 

बदनावर विधानसभा क्षेत्र धार जिले में आता है। ये हाईप्रोफाइल सीट है। प्रदेश सरकार के उद्योग मंत्री राजवर्धनसिंह दत्तीगांव यहां से लगातार 6 विधानसभा चुनाव लड़ते आ रहे है। जिसमे 4 बार चुनाव जीते है। अब सातवी बार फिर से मैदान में उतरेंगे। राजवर्धनसिंह अपने पिता के अपमान का बदला लेने के लिए नोकरी छोड़कर राजनीति में आए थे। राजवर्धनसिंह दत्तीगांव को ज्योतिरादित्य सिंधिया का करीबी माना जाता है। उनके पिता प्रेमसिंह भी माधवराव सिंधिया के करीबी रहे थे। 1998 में राजनीति में उतरे थे। राजवर्धनसिंह साल 1990 में लुफ्तांसा में एयरलाइंस कंपनी में मार्केटिंग मैनेजर थे।  1998 में नौकरी छोड़कर निर्दलीय चुनाव लड़ा था। उस समय निर्दलीय के रूप में 30 हजार से ज्यादा वोट लाकर अपनी ताकत दिखाई थी। इसके बाद वे कांग्रेस में शामिल हो गए थे। 2003 में पहली बार विधायक बने। उसके बाद 2008 में फिर विधायक चुने गए। किन्तु 2013 के विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। बाद में 2018 में पुनः मैदान में उतरे व तत्कालीन भाजपा प्रत्याशी भवंरसिंह शेखावत को करीब 41 हजार वोट से चुनाव हराया था। 

किन्तु कांग्रेस में खुद की अवेहलना होने व बदनावर क्षेत्र के साथ कांग्रेस द्वारा पक्षपात करने के चलते इन्होंने ज्योतिरादित्य सिंधिया के नेतृत्व में 2020 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। विधानसभा के उपचुनाव में इन्होंने भाजपा के टिकिट पर चुनाव लड़ा व कांग्रेस प्रत्याशी कमलसिंह पटेल को करीब 32 हजार वोटो से हराकर जीते। दत्तीगांव मध्यप्रदेश सरकार में उद्योग मंत्री है। दत्तीगांव लगातार सात चुनाव लड़ने वाले पहले नेता बनेंगे। 

विकास के मुद्दे पर लड़ेंगे चुनाव

चर्चा में दत्तीगांव ने बताया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में बदनावर क्षेत्र में हुए करोड़ो रूपये के विकास कार्यो के आधार पर जनता के बीच जाएंगे। विकास के आधार पर चुनाव लड़ेंगे। सोया प्लांट, कपड़ा कारखाना, पीएम मित्रा पार्क, 2 सीएम राईज स्कूल हमारी बड़ी उपलब्धि है। जल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़को को लेकर हमने काफी बेहतर काम किए है। हम ऐतिहासिक वोटों से पुनः चुनाव जीतेंगे व सरकार बनाएंगे। पार्टी द्वारा प्रत्याशी बनाए जाने पर संगठन का आभार भी जताता हूँ। पार्टी व जनता की उम्मीदों पर खरा उतरूंगा। उक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी संजय शर्मा ने दी।