कलेक्टर ने सफाई अभियान में भाग लेने वाले सभी नागरिकों का किया आभार व्यक्त
अगला कार्यक्रम वाल्मीकि समाज के मुक्तिधाम हटा नाका में होगा
CURATED BY – DHEERAJ KUMAR AHIRWAL | CITYCHIEFNEWS
दमोह, अभी तक चार जगह सफाई अभियान चलाया गया है। इसकी शुरुआत फुटेरा तालाब से की गई थी, फुटेरा तालाब के बाद बेलाताल, बेलाताल के बाद पुरैना तालाब और यह आज हमारा लगातार चौथा कार्यक्रम जटाशंकर मुक्तिधाम में हुआ है। सुबह 7 बजे का समय था, लेकिन बहुत से लोग सुबह 6:30 बजे ही आ गए थे और उन्होंने सफाई शुरू कर दी थी। आज शमशान घाट के परिसर और आसपास की जगह को साफ किया गया है, झाड़ियां हटाई गई है और पूरी साफ-सफाई की गई है। यह बात कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने जटाशंकर मुक्तिधाम में सफाई अभियान के दौरान कही।
कलेक्टर ने कहा अगला कार्यक्रम वाल्मीकि समाज के मुक्तिधाम हटा नाका में होगा और उसमें लगभग 25 से 30 पौधों का पौधारोपण भी साथ में किया जाएगा। उन्होंने सभी से आग्रह करते हुए कहा अगले रविवार को भी सुबह 7 बजे से 9 बजे तक इस कार्यक्रम में सभी सम्मिलित होकर अपनी सहभागिता निभाएं।
कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने कहा आज के कार्यक्रम में दो छोटे बच्चे भी सम्मिलित हुए, उन्होंने भी आकर श्रमदान किया है, रविवार की सुबह थी स्कूल नहीं था यह बच्चे सो सकते थे, लेकिन इन्होंने घर पर सोने की बजाय यहां पर आना अच्छा समझा और यहां पर आकर काम किया। इस मौके पर कलेक्टर श्री कोचर ने इनका और इनके परिजनों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा परिजन इन्हें लेकर के आए और इन्हें श्रम का महत्व समझाया सभी का बहुत आभार, जो यहां पर लगातार आते हैं, कुछ लोग बिना आमंत्रण के स्वप्रेरणा से आते हैं, वह शहर के प्रति अपनी जागरूकता का प्रदर्शन करते हैं। तीन पाषर्दगण भी मौजूद है, यहां के पार्षद लगातार कार्यक्रमों में आ रहे हैं, तीनों पार्षद स्वप्रेरणा से आए हैं, उनके प्रति भी खुशी व्यक्त की । उन्होंने कहा उनके आने से इस कार्यक्रम को नई ऊर्जा मिली है। सभी पार्षदगणों से भी आग्रह है कि जिन-जिन के क्षेत्र है, वह वहां पर जरूर आए और जब यहां आते हैं तो कई सारे विषय पर चर्चा हो जाती है, जैसे की आज चर्चा हुई थी कि यहां के लिए सांसद निधि से 18 लाख रुपए स्वीकृत हुए है, इसके लिए मैंने सीएमओ नगर पालिका से कहा है कि जितना जल्दी हो सके टेंडर कर के यहां के सौंदर्यीकरण का काम शुरू किया जाये।
सिविल वार्ड 1 के पार्षद रमेश राठौर ने बताया कलेक्टर सर द्वारा यहां पर सफाई अभियान चलाया गया है, यह बहुत सराहनीय काम है, मैं कलेक्टर सर को बहुत-बहुत धन्यवाद देता हूं। इस वार्ड के पार्षद रघु भाई के लिए, पार्षद हेमराज और जिन्होंने भी यहां आकर अपना सहयोग किया है मैं उन सभी को बहुत-बहुत धन्यवाद देता हूं। उन्होंने कहा मैं चाहता हूं कि हर रविवार को सभी लोग आकर ऐसे कार्यक्रमों में सहयोग करें जिससे कि हमारे दमोह को स्वच्छ और सुंदर बनाया जाए। जैसा कि कलेक्टर सर ने बताया कि अगला कार्यक्रम वाल्मीकि समाज के मुक्तिधाम में रखा गया है, जैसे यहां के आसपास के पार्षद कार्यक्रम में शामिल हुए हैं वैसे ही वहां के आसपास के पार्षद वहां पर आकर ऐसा ही सहयोग करें।
बजरिया नंबर 5 चैनपुरा के पार्षद हेमराज ने कहा जटाशंकर मुक्ति धाम में कलेक्टर सर ने आकर यह जो श्रमदान की रूपरेखा बनाई है, यह बहुत अच्छा कार्यक्रम रखा गया। हर जगह जो सफाई अभियान चल रहा है इससे बहुत अच्छा माहौल बन रहा है, लोगों में एक जागृति पैदा हो रही है कि हमें सफाई अभियान चलाना चाहिए। उन्होंने बताया 10 से 11 वार्डो का यह मुक्तिधाम है, यहां पर सफाई अभियान में सभी ने सहयोग किया इसके लिए कलेक्टर सर और सभी को बहुत-बहुत धन्यवाद देता हूं।
बजरिया नंबर 6 के पार्षद रघु श्रीवास्तव ने बताया आज के सफाई अभियान कार्यक्रम में कलेक्टर सर के द्वारा मेरे वार्ड में स्थित जटाशंकर मुक्तिधाम में श्रम कार्य किया गया, यह बड़ा अच्छा हुआ कि इससे सफाई भी बहुत हो गई और लोगों में जागरूकता भी आई है। उन्होंने बताया इस मुक्तिधाम के लिए सांसद निधि से जो राशि पास कराई है उसके लिए कलेक्टर सर ने सीएमओ नगर पालिका से बोला है की जल्दी से जल्दी इसका काम शुरू किया जाए, ताकि यह सुंदर मुक्तिधाम बन जाए जिसमें बजरिया 5, सिविल 1, बजरिया नंबर 6, सिविल वार्ड और अन्य चार-पांच वार्ड के लोग यहां पर आते हैं, उनके लिए अच्छी व्यवस्था हो जाएगी। उन्होंने बताया आज बड़ा अच्छा हुआ, दिन की शुरुआत सुबह से सफाई अभियान से हुई। इस सफाई अभियान के लिए उन्होंने कलेक्टर सर, नगर पालिका के अधिकारी कर्मचारी, पार्षदों और वार्ड के लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
मोंटी रैकवार ने कहा कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर के कुशल मार्गदर्शन में सफाई अभियान के चौथे सप्ताह में जटाशंकर मुक्तिधाम में श्रमदान किया गया, जिसमें नगर पालिका, जन अभियान परिषद, स्वयंसेवी संस्था, जनसंपर्क विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और वार्ड के पार्षदों के द्वारा श्रमदान किया गया है। उन्होंने सभी से आग्रह करते हुए कहा अपने शहर को स्वच्छ और साफ बनाना है तो अपने घर से बाहर आना होगा, सप्ताह में केवल आपसे 2 घंटे की आवश्यकता है, 2 घंटे मेहनत करेंगे तो मैं दावे के साथ कहता हूं कि दमोह साफ सफाई में प्रथम होगा।
बालक अर्जुन प्रताप सिंह ने बताया यहां पर काम करके बहुत अच्छा लगा और बहुत मजा भी आया।