मंडी में तौल-कांटे की पूजा के साथ शुरू हुआ खरीदी का दौर
मुहूर्त में 5851.25 पैसे क्विंटल बिका सोयाबीन
CURATED BY – BHAGWAN DAS BERAGI | CITYCHIEFNEWS
शाजापुर, दीपावली के चलते एक सप्ताह से बंद पड़ी मंडी के मुहूर्त में खुलने पर व्यापारियों ने तौल कांटे की पूजा-अर्चना की और इसके बाद खरीदी का कार्य शुरू हो गया। इसीके साथ सूनी पड़ी कृषि उपज मंडी में फिर से किसानों के आने से चहल-पहल का माहौल बन गया। वहीं इस दिन पहले मंडी पहुंचने वाले किसान का मुहूर्त में तेज दामों पर अनाज खरीदा गया। उल्लेखनीय है कि धनतेरस से कृषि उपज मंडी में उपज खरीदे जाने का काम बंद हो गया था। वहीं पुरानी परंपरा के चलते सोमवार को जब मंडी खुली तो इस दिन व्यापारियों द्वारा तौल-कांटे की पूजा-अर्चना कर मुहूर्त में खरीदी की गई। मुहूर्त की बोली में सबसे पहले अपनी सोयाबीन की उपज लेकर मंडी पहुंचे मझानिया के किसान ईश्वरसिंह पिता नारायणसिंह से खरीदी की गई। मुहूर्त में भीमावत ट्रेडिंग कंपनी द्वारा कृषक से करीब 7 बोरी सोयाबीन की खरीदी की गई और इसके एवज में किसान को 5851 रुपए 25 पैसे के दाम से भुगतान किया गया। इसी तरह ग्राम टुकराना के किसान मयंक से शंखेश्वर ट्रेडिंग कंपनी द्वारा 8 बोरी सोयाबीन 5151 रुपये 25 पैसे क्विंटल, श्रीराम ट्रेडर्स द्वारा टुकराना के किसान नवीन से 5 बोरी सोयाबीन 5721, 25 पैसे, श्रीनाथ ट्रेडिंग कंपनी द्वारा बांगली के कृषक धन्नालाल से 2 बोरी सोयाबीन 5151.25 पैसे क्विंटल के हिसाब से खरीदा गया। साथ ही आशीष ट्रेडर्स द्वारा दुपाड़ा के किसान धीरज से 5 बोरी गेहूं 2721 रुपए 25 पैसे क्विंटल के दाम पर खरीदी गई। इसके बाद विधि-विधान के साथ खरीदी का दौर शुरू हुआ और मंडी में इस दिन करीब 6024 क्विंटल सोयाबीन की खरीदी की गई। मंडी में इस दिन सोयाबीन का भाव 3300 रुपए से 5851 रुपए तक रहा। साथ ही मंडी में गेंहू, मसूर की खरीदी भी की गई।
किसान का साफा बांधकर किया स्वागत
दीपावली के बाद मंडी खुलने पर इस वर्ष मुहूर्त में उपज बेचने वाले किसानों का व्यापारियों ने परंपरानुसार साफा बांधकर स्वागत किया। मंडी से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को सोयाबीन के अलावा 413 बोरी गेहूं की भी खरीदी की गई और इस दिन गेहूं का दाम 2500 से 2952 रुपए क्विंटल रहा। इसी तरह 1 बोरी रायड़ा, चना विशाल, मसूर दाल की भी खरीदी की गई।