22 जुलाई को पथरिया में परिक्षण शिविर का आयोजन
दिव्यांगजनों को नि:शुल्क किया जायेगा सहायक उपकरण व कैलीपर्स एवं कृत्रिम अंग प्रदाय
CURATED BY – DHEERAJ KUMAR AHIRWAL | CITYCHIEFNEWS
दमोह, जिले की निकाय स्तर पर होने वाले दिव्यांगों के परीक्षण एवं सामग्री वितरण शिविरों की तिथि एवं स्थान नियत कर कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने जिले के समस्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी नगरपालिका परिषद को निर्देश जारी किये है।
कलेक्टर कोचर ने कहा शिविर में अधिक से अधिक दिव्यांगजनों का परीक्षण किया जाये, ताकि वे अपनी पात्रता अनुसार लाभ प्राप्त कर सकें इसकी संपूर्ण जबावदारी संबंधित जनपद एवं नगरीय निकाय की होगी। परीक्षण शिविर में दिव्यांगजनों की उपस्थिति हेतु नगर पालिका के कचरा वाहन एवं अन्य माध्यम से पर्याप्त प्रचार-प्रसार कराया जाये। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार हेतु जनपद पंचायत के समस्त ग्राम पंचायतों के सचिवों को निर्देशित किया जाये कि मुनादी आदि कराये, ग्राम पंचायत भवन में शिविर आयोजन की तिथि सूचना पटल पर लेख की जाये।
शिविर स्थल पर पर्याप्त साफ-सफाई, पानी बैठने इत्यादि की समुचित व्यवस्था की जाये ताकि उपस्थित होने वाले दिव्यांगजनों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही परीक्षण हेतु एलिम्को जबलपुर से आने वाले परीक्षण दल को टेबिल कुर्सी आदि की पर्याप्त व्यावस्था भी रखी जाये। आयोजन में सभी निकाय अपने कर्मचारी की ड्यूटी लगायें जिसकी प्रति संबंधित जनपद के सी.ई.ओ. एवं जिला कार्यालय को अनिवार्यत: उपलब्ध कराई जाये। आयोजन के नोडल अधिकारी सी.ई.ओ. जनपद पंचायत होगें।
कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने कहा जनपद पंचायत पथरिया एवं नगर परिषद पथरिया हेतु मुख्यालय जनपद पंचायत पथरिया में परीक्षण शिविर 22 जुलाई एवं उपकरण वितरण कैंप 08 अगस्त को, जनपद पंचायत पटेरा एवं नगर परिषद पटेरा हेतु मुख्यालय जनपद पंचायत पटेरा में परीक्षण शिविर 23 जुलाई एवं उपकरण वितरण कैंप 09 अगस्त को, जनपद पंचायत बटियागढ हेतु मुख्यालय जनपद पंचायत बटियागढ में परीक्षण शिविर 24 जुलाई एवं उपकरण वितरण कैंप 16 अगस्त को, जनपद पंचायत तेन्दूखेड़ा एवं नगर परिषद तेन्दूखेड़ा हेतु मुख्यालय जनपद पंचायत तेन्दूखेड़ा में परीक्षण शिविर 25 जुलाई एवं उपकरण वितरण कैंप 22 अगस्त को तथा जनपद पंचायत जबेरा हेतु मुख्यालय जनपद पंचायत जबेरा में परीक्षण शिविर 26 जुलाई एवं उपकरण वितरण कैंप 23 अगस्त 2024 को प्रात: 11 बजे से शाम 05 बजे तक आयोजित किये जायेंगे।