बहते हुए पानी को रोकने के लिए त्वरित कदम उठाएं
समयसीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर के निर्देश
CURATED BY – BHAGWAN DAS BERAGI | CITYCHIEFNEWS
शाजापुर, वर्षा ऋतु समाप्त होने पर है, अत: नदी-नालों पर बने स्टॉप डेम एवं रपटों पर बहते हुए पानी को रोकने के लिए गेट लगाएं। जहां गेट नही है, वहां बोरी बंधान बनाकर बहता हुआ पानी रोकें। उक्त निर्देश कलेक्टर ऋजु बाफना ने सोमवार को समयसीमा पत्रों की समीक्षा बैठक के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने शनिवार एवं रविवार में पानी रोकने के लिए वृहद स्तर पर अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर बाफना ने कहा कि शाजापुर जिला अति दोहन की श्रेणी में आता है, इसलिए भूजल स्तर बनाने के लिए सतह पर पानी रोकना अति आवश्यक है। सभी विभाग नदी-नालों एवं जहां भी पानी बहता हुआ दिखे वहां पानी रोकने के उपाय करें। समयसीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत चल रहे सर्वे के संबंध में निर्देश दिए कि सर्वे के होने के उपरांत सूची का प्रकाशन कर आपत्ति प्राप्त करें। आपत्ति प्राप्त करने के लिए रजिस्टर बनवाएं। जनपद स्तर पर आपत्ति के निराकरण से संतुष्ट नहीं होने पर संबंधित व्यक्ति जिला स्तर पर अपनी आपत्ति अपील के रूप में दर्ज करा सकते हैं। कलेक्टर ने जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित के महाप्रबंधक को निर्देश दिए कि वे शहरी क्षेत्रों की बैंक शाखाओं को अपग्रेड करने के लिए प्लान बनाएं। साथ ही जिला सहकारी बैंक में कस्टमर केयर शुरू करने के लिए दुरभाष नंबर प्राप्त करें। शाजापुर एवं शुजालपुर के अनुविभागीय अधिकारियों तथा नगरपालिका के सीएमओ को कलेक्टर ने निर्देश दिए कि मुख्य सडक़ों के दोनों ओर से आवागमन में बाधक कब्जों को हटवाएं। स्वास्थ्य विभाग की सीएम हेल्पलाइन पर उपचार से संबंधित आने वाली शिकायतों को जिला चिकित्सालय के लिए बनाए गए नोडल अधिकारी डिप्टी कलेक्टर राजकुमार हलदर के मार्गदर्शन में निराकृत कराने के निर्देश दिए। जिन विकासखण्डों में आयुष्मान कार्ड बनाए जाना है, वहां कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से खण्ड स्तरीय शिविर लगाने के निर्देश कलेक्टर ने दिए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने कहा कि जिला चिकित्सालय में मेजर ऑपरेशन की संख्या बढ़ाएं। उन्होने कहा कि शासकीय चिकित्सक यदि निजी चिकित्सालयों में शल्यक्रिया आदि करेंगे तो उनके विरूद्ध कार्रवाई के साथ-साथ संबंधित निजी चिकित्सालयों पर भी कार्रवाई की जाएगी। जिला परिवहन अधिकारी को कलेक्टर ने निर्देशित किया कि बिना परमिट चल रहे वाहनों की सूची सरपंचों को भी दें। कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन एजेंसी के प्रबंधक को कलेक्टर ने निर्देश दिए कि वे स्व सहायता समूहों की महिलाओं को कृषि से जोडऩे के लिए उनका एक्सपोजर विजिट कराएं। कलेक्टर ने जिला पंचायत के अधिकारी को निर्देशित किया कि एनआरईजीएस योजना के तहत नंदन फलोद्यान के प्रकरण बनाएं। नगरपालिका शाजापुर सीएमओ को कलेक्टर ने बस स्टैण्ड का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। गौशाला निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी गौशालाओं का पंजीयन कराने के लिए कहा। साथ ही कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि गौशाला की गोचर भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराएं। इस मौके पर कलेक्टर ने पशु चिकित्सा विभाग की योजना एनएलएम के तहत कृषि एवं उद्यान विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इस योजना से किसानों को जोड़ें। कलेक्टर बाफना ने बैठक से बिना अनुमति अनुपस्थित रहने पर नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंधक का 5 दिन का वेतन रोकने के आदेश दिए। इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी शुजालपुर अर्चना कुमारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।