मजदूर दिवस पर जनसुराज की जनसभा में आंधी-बारिश का कहर
मंच और पंडाल धराशायी
मजदूर दिवस के मौके पर जनसुराज पार्टी द्वारा आयोजित जनसभा में तेज आंधी और बारिश ने कार्यक्रम की तैयारियों की पोल खोल दी। हवेली खड़गपुर के राजेंद्र सिंह श्रीकृष्ण उच्च विद्यालय मैदान में आयोजित सभा में मौसम ने अचानक करवट ली, जिसके चलते मंच और पंडाल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मैदान कीचड़ में तब्दील हो गया।
कार्यक्रम को लेकर पूरी तैयारी की गई थी। जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की अगवानी को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह था। आयोजन स्थल पर जिले के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में लोगों को बसों के माध्यम से लाया गया था। बैठने के अलावा खाने-पीने की भी समुचित व्यवस्था की गई थी।
लेकिन सभा शुरू होते ही तेज आंधी और झमाझम बारिश ने पूरे इंतजाम को तहस-नहस कर दिया। पंडाल गिर गया और लोग बारिश से बचने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कई कार्यकर्ता प्लास्टिक के पंडाल को ओढ़े बारिश से खुद को बचाते दिखे। मंच पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने टेंट को बचाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन तेज हवा के सामने वे असहाय साबित हुए।
बारिश रुकने के बाद कुछ देर से प्रशांत किशोर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और भीगे मैदान में मौजूद लोगों को संबोधित किया। हालांकि, खराब मौसम के चलते कार्यक्रम का प्रभाव काफी हद तक कम हो गया।