बड़ोदिया महाविद्यालय में मनाया गया अंतरिक्ष दिवस
विद्यार्थियों के समक्ष मिशन चंद्रयान - 3 की सफलता के ऐतिहासिक क्षणों की रिकॉर्डिंग का प्रसारण किया गया
CURATED BY – BHAGWAN DAS BERAGI | CITYCHIEFNEWS
शाजापुर, शासन के निर्देशानुसार शासकीय महाविद्यालय, मोहन बड़ोदिया में दिनांक 21, 22 एवं 23, अगस्त को तीन दिवसीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस, 2024 समारोह आयोजित किया गया। जैसा कि विदित है, देश के अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन( इसरो) के मिशन चंद्रयान-3 की सफलता के ऐतिहासिक क्षण की स्मृति में भारत शासन द्वारा प्रति वर्ष 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मनाने की घोषणा की गई है।
इसी उपलक्ष्य में महाविद्यालय में दिनांक 21, अगस्त को कार्यक्रम के औपचारिक शुभारंभ के पश्चात " मिशन चंद्रयान-3" पर विद्यार्थियों के बीच पोस्टर रचना प्रतियोगिता आयोजित की गई। 22 अगस्त को इसी उपलक्ष्य में अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों पर एक विशेष व्याख्यानमाला आयोजित की गई, जिसमें आयोजन प्रभारी डॉक्टर अंजनी कुमार तिवारी ने मिशन चंद्रयान पर एक विस्तृत व्याख्यान दिया।
23 अगस्त, 2024 को अंतरिक्ष दिवस के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस समारोह का समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के औपचारिक शुभारंभ के पश्चात, महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. एस. के.
तिवारी द्वारा अतरिक्ष अनुसंधान संस्थान की कार्यप्रणाली तथा अंतरिक्ष मिशन की प्रक्रिया से विद्यार्थियों को अवगत करवाया गया। तत्पश्चात डॉ. केशव शर्मा ने अपने उद्बोधन में प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा में अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में भारतीय वैज्ञानिक - ऋषियों के अनुसंधान एवं उपलब्धियों पर अपने विचार प्रस्तुत किये। इसके पश्चात विद्यार्थियों के समक्ष मिशन चंद्रयान - 3 की सफलता के ऐतिहासिक क्षणों की रिकॉर्डिंग का प्रसारण किया गया। साथ ही इस अवसर पर आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता के परिणाम भी जारी किए गए, जिसमें बीए प्रथम वर्ष की छात्रा अभिलाषा पाटीदार ने प्रथम, द्वितीय वर्ष की छात्रा पायल सूर्यवंशी एवं करीना मालवीय ने द्वितीय, तृतीय वर्ष की छात्रा प्रियंका राव एवं द्वितीय वर्ष की छात्रा मनीषा सूर्यवंशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जबकि छात्र आशिक चौखुटिया को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। अंत में गोपाल वर्मा ने उपस्थित स्टाफ एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। संचालन डॉ. अंजनी कुमार तिवारी ने किया। कार्यक्रम में आईक्यूएसी प्रभारी श्रीमती सौम्या सिंह तोमर, डॉक्टर वंदना मंडोर, श्री अभय भोंसले, डॉ. राजकुमार सूत्रकर, सायरा बानो खान, जितेंद्र विश्वकर्मा एवं मोहन सूर्यवंशी सहित, बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।