CURATED BY – BHAGWAN DAS BERAGI | CITYCHIEFNEWS

शाजापुर, बैंक पहुंचने वाले खाताधारकों को रुपये लेन-देन में होने वाली समस्याओं का बैंक के जिम्मेदार अधिकारी शालीनता के साथ निराकरण करते हैं, लेकिन अव्यवस्थाओं का अखाड़ा बन चुके शाजापुर बैंक ऑफ इंडिया के नवागत शाखा प्रबंधक चंद्रप्रकाश स्वयं शिष्टाचार भूलकर अमर्यादित और असभ्य व्यक्ति की भांति अपने पिता की उम्र के खाताधारकों के साथ भी अभद्रता करते नजर आ रहे हैं। यही कारण है कि बीते दिनों भी व्यवस्था सुधार की बजाय शाखा प्रबंधक और उनके सुरक्षा गार्ड ने खाताधारक के साथ अभद्रता की। इतना ही नही खाताधारक को पुलिस बुलाने की धमकी देकर अपने कैबिन में बंधक तक बना दिया। मीडिया के पहुंचने के बाद खाताधारक को बैंक से बाहर जाने दिया गया।
उल्लेखनीय है कि जब से बैंक ऑफ इंडिया शाजापुर की शाखा में चंद्रप्रकाश ने पदभार संभाला तब से खाताधारकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि बैंक में एक ही खिडक़ी से लेन-देन किया जा रहा है जिसकी वजह से ग्राहकों को अपना ही रुपया लेने के लिए घंटों कतार में लगकर परेशान होना पड़ रहा है। वहीं सबसे शर्मनाक बात यह है कि यहां मौजूद शाखा प्रबंधक और उनका सुरक्षा गार्ड खाताधारकों के द्वारा समस्या बताए जाने पर उसका निराकरण करने की बजाय उन्हे मनमाने नियमों का हवाला देकर पुलिस कार्रवाई की धमकी दे रहे हैं। सोमवार को भी बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधक के द्वारा पेंशनर के साथ अभद्र भाषा शैली का प्रयोग कर बदसुलुकी की गई। खाताधारक ने बताया कि उन्होने शाखा प्रबंधक से कहा था कि वे बीते दस दिनों से रुपया निकालने के लिए बैंक के चक्कर लगा रहे हैं। एक ही काउंटर से रुपया लेन-देन की वजह से यह असुविधा हो रही है। अधिक देर खड़ा रहने की वजह से भारी असुविधा होती है, ऐसे में यदि दो काउंटर लेन-देन के लिए कर दिए जाएं तो अन्य खाताधारकों को भी असुविधा से निजात मिलेगी, लेकिन इस समस्या को हल करने की बजाय शाखा प्रबंधक और उनका सुरक्षा गार्ड नाराज हो गया तथा पुलिस की धमकी देकर बदतमीजी करने लगे। शाखा प्रबंधक को हटाया जाना चाहिए।

बंद कराएंगे खाता
बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधक और सुरक्षा गार्ड के द्वारा अभद्रता किए जाने से खाताधारक आहत हैं और उनका कहना है कि जल्द ही वह बैंक से अपना खाता बंद करवाएंगे। साथ ही अन्य परिचीतों के खाते भी बंद करवाएंगे। इसके  अलावा वे अन्य लोगों से भी कहेंगे कि बैंक ऑफ इंडिया में खाता नही खुलवाएं, क्योंकि यहां फैली अव्यवस्थाओं की वजह से भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है।

वृद्ध भी कतार में लगने को मजबूर
बैंक ऑफ इंडिया की शाजापुर शाखा में फैली अव्यवस्थाओं का आलम यह है कि यहां पहुंचने वाले वृद्ध खाताधारकों को भी रुपया लेन-देन करन के लिए घंटों कतार में लगना पड़ता है। बैंक में बैठक की पर्याप्त व्यवस्था नही होने की वजह से भारी परेशानी का सामना खाताधारकों को करना पड़ रहा है। एकल खिडक़ी से किए जा रहे लेन-देन की वजह से महिलाएं और वृद्ध सबसे अधिक परेशान हैं, लेकिन नवागत शाखा प्रबंधक अव्यवस्था पर अपने कैबिन में बैठकर ही गैर जिम्मेदाराना बयान दे रहे हैं जो खाताधारकों के लिए परेशानी का सबब बन रहा है। मंगलवार को भी बैंक में खाताधारकों की भीड़ लगी रही।

इनका कहना है

बैंक में एकल खिडक़ी से लेन-देन करते हैं, इससे कतार तो लगती है, लेकिन खाताधारकों को कोई परेशानी नही होती। जो खाताधारक भीड़ अधिक होने की वजह से पहले दिन लेन-देन नही कर पाते हैं वे अगले दिन आकर लेन-देन करते हैं।
-चंद्रप्रकाश, शाखा प्रबंधक बैंक ऑफ इंडिया शाजापुर।