CURATED BY – BHAGWAN DAS BERAGI | CITYCHIEFNEWS

शाजापुर, बाइक को टक्कर मारकर स्कूली वाहन पलट गया और इस घटना में पांच से अधिक स्कूली बच्चे घायल हो गए। जबकि बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो गंभीर घायलों को इंदौर रैफर किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पनवाड़ी स्थित सेंट मैरी स्कूल का स्कूली वाहन सोमवार को बच्चों को दुधाना गांव से लेकर स्कूल जा रहा था, तभी दुधाना में सामने से आ रही बाइक को टक्कर मारते हुए स्कूली वाहन खंती में जाकर पलट गया। वाहन में पचास से अधिक बच्चे सवार थे। घटना में स्कूली वाहन सवार हरिओम पिता आशाराम निवासी जामन, सुमीत पिता धम्रेंद्र निवासी जामन, सुभाष पिता आशाराम, देवकरण पिता अंतरसिंह निवासी बकानी सहित पांच स्कूली बच्चे घायल हो गए जिन्हे उपचार हेतु शाजापुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं इस हादसे में जितेंद्र बागरी उम्र 35 वर्ष निवासी तिंगजपुर की मौके पर मौत हो गई। जानूबाई और लखन को गंभीर हालत होने पर प्राथमिक उपचार के बाद शाजापुर जिला अस्पताल से इंदौर रैफर कर दिया गया। घायल बच्चों ने बताया कि चालक स्कूली वाहन को चलाते समय प्रिंसिपल से फोन पर बात कर रहा था, तभी सामने से बाइक सवार आ गए और जिससे वाहन टकराकर पलट गया। घटना के बाद बच्चों की मदद करने की बजाए चालक मौके से फरार हो गया।
अस्पताल में हुई मारपीट
दुधाना हादसे में घायल हुए बच्चों को परिजन उपचार हेतु शाजापुर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां अभिभावकों ने सही ढंग से उपचार न किए जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। इस दौरान महिला सुरक्षाकर्मी और मौजूद लोगों के बीच मारपीट हो गई। इसी दौरान महिला सुरक्षाकर्मी संगीता का कोई व्यक्ति गले से मंगल सूत्र भी छीन ले गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और विवाद को शांत कराया। सुरक्षाकर्मी ने बताया कि अस्पताल गेट पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी, जिन्हे वह हटा रही थी तभी कुछ लोगों ने गाली-गलौच कर मारपीट करना शुरू कर दिया। इधर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे बच्चों के परिजनों ने भी महिला सुरक्षाकर्र्मी पर मारपीट का आरोप लगाया।