सतना कलेक्टर अनुराग वर्मा ने विभागों को दिया निर्देश
परियोजना कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करें
CURATED BY – VIVEK KUMAR MISHRA | CITYCHIEFNEWS
सतना, कलेक्टर अनुराग वर्मा ने सड़क और पुल निर्माण संबंधी विभागों को सतना जिले में चल रहे परियोजना कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिये हैं। गुरूवार को नेशनल हाइवे, स्टेट हाइवे, ब्रिज कॉर्पोरेशन, पीएमजीएसवाय, लोक निर्माण तथा एल एंड टी के प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिये गये।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में सतना-मैहर खण्ड पर 328 करोड़ रुपये की लागत से 39.34 किलोमीटर लंबाई की टू-लेन पेव्ड शोल्डर सड़क का निर्माण किया जा रहा है। परियोजना में 2 फ्लाई ओव्हर भी बन रहे हैं। लगभग 32.64 किमी सड़़क का निर्माण पूर्ण हो गया है, जो कि 81 प्रतिशत है। बताया गया कि शेष काम मार्च 2024 तक पूर्ण हो जायेगा। सतना-मैहर परियोजना में शेष 4.45 किमी में सोहावल से बेला रोड का भी कार्य शामिल है। जिसमें 5 नग ईएचटी लाइन स्थानांतरित करने के बाद दिसंबर 2024 तक कार्य पूरा कर लिया जायेगा। कलेक्टर अनुराग वर्मा ने चित्रकूट में गत माह संपन्न हुई राम वन पथ गमन न्यास की बैठक में मिली सहमति के अनुसार अधिकारियों को सतना से चित्रकूट के शेष पैच का प्रस्ताव भी शासन को भेजने के निर्देश दिये।
कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण बीआर सिंह ने बताया कि जिले में 715 करोड़ 24 लाख रूपये लागत के 602 किमी सड़क के कार्य स्वीकृत है। जिनमें से 314 किमी की सड़क अब तक बनाई जा चुकी है। चित्रकूट में पिंडरा के पास से शबरी फाल के लिए 3 किमी सड़क बनाई गई है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क के महाप्रबंधक ने बताया कि जिले में 13 सड़क और 8 ब्रिज के कार्य चल रहे हैं। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिये। एमपी-एसआरडीसी के अधिकारियों ने बताया कि सतना से अमरपाटन मार्ग का निर्माण कार्य 2 माह में पूरा हो जायेगा। दूसरा प्रोजेक्ट रीवा, सतना, सीधी का जिगना, भरतपुर, भैसरहा घाट सड़क मार्ग नवंबर 2024 तक कम्पलीट होगा। कलेक्टर ने ब्रिज कॉर्पोरेशन के अधिकारियों को चित्रकूट के तुलसी ब्रिज का फाइनल फिनिसिंग कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये।