RJD विधायक ने बाबा धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ दिया था बयान
अब मिली जान से मारने की धमकी
गोपालगंज, बिहार के गोपालगंज के बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र से आरजेडी विधायक प्रेम शंकर प्रसाद को जान से मारने की धमकी मिली है। बागेश्वर धाम वाले बाबा धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ बयान देने के बाद विधायक को धमकी मिली है। विधायक ने धमकी मिलने के बाद थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया है साथ ही एसपी को भी मामले की सूचना दी है।
विधायक प्रेम शंकर प्रसाद को यह धमकी एक वीडियो के जरिए दी गई, जिसमें धमकी देने वाले व्यक्ति ने विधायक पर हमला बोलते हुए गाली-गलौज की है। वीडियो के जरिए धमकी देने वाले आरोपी का नाम विकास सिंह है, जो गोपालगंज के बखरी गांव के प्यारेपुर पंचायत का निवासी है। धमकी देने वाला विकास सिंह फिलहाल फरार है। पुलिस ने एसआईटी गठित कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
वीडियो में विकास सिंह ने बागेश्वर धाम के संत धीरेंद्र शास्त्री को लेकर विधायक द्वारा दिए गए बयान पर नाराजगी जताई। आपको बता दें कि विधायक ने कहा था कि बाबा उन्माद फैलाने के लिए बिहार आ रहे हैं। जिसके बाद विकास सिंह ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर विधायक को जान से मारने की धमकी दी। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। आपको बता दें कि बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री 6 मार्च से 10 मार्च 2025 तक बिहार के गोपालगंज जिले के भोरे प्रखंड के रामनगर स्थित श्री राम जानकी मठ में हनुमंत कथा का आयोजन करेंगे। इस दौरान उनका दिव्य दरबार भी लगेगा।