रतलाम झाबुआ सांसद के वीडियो से बढ़ा सियासी पारा
कांग्रेस ने ली चुटकी, निशाने पर आई सरकार
रतलाम, रतलाम झाबुआ सांसद गुमान सिंह डामोर का वायरल वीडियो इन दिनों सियासी पारा बढ़ाए हुए है. सांसद इसे लेकर विपक्ष पर निशाना साधते हुए वीडियो के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगा रहे हैं. वहीं उनके वीडियो को शेयर कर कांग्रेस के लोग भाजपा और सरकार पर निशाना साध रहे हैं और सांसद को अपने बयान पर कायम रहने की सलाह भी दे रहे हैं.
सांसद गुमान सिंह डामोर ने अपने वायरल वीडियो को लेकर एक बयान जारी किया हैं. डामोर में कहा है कि विरोधियों द्वारा वायरल वीडियो में काटछांट की गई है. मैं इस वीडियो की जांच करवाऊंगा, वीडियो में काटछांट की गई है. इसकी जांच के बाद मैं दोषी के खिलाफ कार्रवाई करवाऊंगा. ये किसी की साजिश बीजेपी सांसद गुमान सिंह डामोर ने कहा कि उस वीडियो में सुनाई पड़ रहा है कि मैंने कहा है 'बीजेपी के द्वारा गरीबो के लिए कुछ नहीं किया गया' जबकि मैंने 'कांग्रेस के द्वारा 60 में कुछ नहीं किया गया' ऐसा कहा था. वीडियो से छेड़छाड़ कर उसे वायरल किया जा रहा है.
बता दें सांसद गुमान सिंह का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है. इसमें वो कहते नजर आए है कि कैसी पार्टी है जिसने आज तक गरीब का भला नहीं किया वो है भारतीय जनता पार्टी. वायरल वीडियो में सांसद सड़क निर्माण ठेकेदार को भी गड़बड़ी पाए जाने पर गर्दन मरोडने की बात कह रहे हैं.