MP में आफत की बारिश! राज्य के आधे जिलों में बाढ़ जैसे हालात
4 जिलों में स्कूलों की छुट्टी
मध्य प्रदेश के कई जिलों में आज बारिश का दौर जारी है। प्रदेश के आधे जिलों में स्ट्रॉन्ग सिस्टम की वजह से बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। नर्मदा नदी के निचले इलाकों में खतरा ज्यादा होने के चलते लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की चेतावनी दी गई है। भारी बारिश के चलते प्रदेश के चार जिलों के स्कूलों में दो दिन की छुट्टी की गई है। वहीं मंडला में तीन दिन आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी रहेगी। बता दें कि, रविवार को मंदसौर में 2 लोग डूब गए और दूसरी ओर अनूपपुर जिले में एक कार में एक ही परिवार के चार लोग बह गए।
मध्य प्रदेश के कई जिलों में लगातार तेज बारिश होने की वजह से मौसम विभाग ने सोमवार को भी बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया है। सिवनी ओर बालाघाट में खतरा ज्यादा है। यहां 24 घंटे में 8 इंच से ज्यादा बारिश हो सकती है। रविवार को शहडोल में 4 इंच बारिश के बाद रेलवे स्टेशन पर प्लैटफॉर्म तक पानी भर गया। रेलवे ट्रैक पूरी तरह से डूब गया। इसके साथ सरकारी अस्पताल के वार्डों में भी पानी भर गया था। जबलपुर जिले के बरगी डैम के 9 गेट भी खोलने पड़े वंही कटनी में नदी-नाले उफान पर हैं।
चार जिलों में स्कूल की 2 दिन छुट्टी
प्रदेश के चार जिले में हो रही बारिश के चलते कलेक्टरों ने उमरिया, जबलपुर, मंडला और अनूप पुर जिले के सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों में दो दिन की छुट्टी के आदेश जारी किए हैं। वहीं दूसरी ओर मंडला जिले में आगामी 48 घंटे में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों के लिए जोखिम एवं स्वास्थ्य को दृष्टिगत रखते हुए 7 जुलाई से 10 जुलाई तक कलेक्टर ने समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि प्रदेश में बारिश के 3 स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव हैं। इनमें दो ट्रफ और एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम है। इस वजह से अगले चार दिन तक ऐसा ही मौसम रहेगा। यह सीजन का सबसे स्ट्रॉन्ग सिस्टम है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, जबलपुर, सिवनी, मंडला, डिंडौरी और बालाघाट में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, जिन जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है उनमें- विदिशा, सीहोर, सागर, रायसेन, नर्मदापुरम, टीकमगढ़, छतरपुर, दमोह, पन्ना, कटनी, उमरिया, शहडोल बुरहानपुर, खंडवा, देवास, शाजापुर, राजगढ़, भोपाल, विदिशा, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, सागर, दमोह, छतरपुर, पन्ना, कटनी, सतना, मैहर, उमरिया, शहडोल और अनूपपुर शामिल हैं। वहीं अन्य जिलों में भी बारिश का दौर बना रहेगा। उमरिया में भारी बारिश के चलते सोमवार को रेड अलर्ट जारी किया गया है।
कार सहित बह गए चार लोग
बता दें कि, रविवार को अनूपपुर जिले में रीवा अमरकंटक मार्ग पर किरर घाट की सजहा पुलिया टूटने से एक स्विफ्ट डिजायर कार बह गई। कार में एक ही परिवार के चार लोग सवार थे। किरर के रहने वाले चंद्रशेखर यादव अपनी पत्नी प्रीति यादव और दो बच्चों के साथ अमरकंटक गए थे। प्रीति यादव जिला अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत थीं। इनका शव मिला है। वहीं इनके पति और दो बच्चों की तलाश जारी है।
कोटा से पिकनिक मनाने आए दो युवक डूबे
उज्जैन संभाग के मंदसौर जिले में स्थित भानपुरा के कंवला मिनी गोवा में राजस्थान के कोटा से पिकनिक मनाने आए दो युवक सोनू और चेतन भी डूब गए। हादसा रविवार शाम 7 बजे हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही भानपुरा थाना प्रभारी रमेश डांगी मौके पर पहुंच गए। पुलिस और स्थानीय ग्रामीण गांधी सागर जलाशय के बैक वाटर में डूबे युवकों की तलाश में जुटे हैं।